Punjab National Bank on 2000 Note: अगर आपका खाता पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में है और आप 2000 रुपए के नोट वहां बदलना चाहते हैं तब यह खबर आपके काम की है। आपको ये नोट चेंज करने के लिए वहां किसी प्रकार का कोई दस्तावेज नहीं दिखाना पड़ेगा। यह बात बैंक के अधिकारियों की ओर से मंगलवार (23 मई, 2023) को साफ की गई। दरअसल, इस बैंक में 2000 रुपए के नोट बदलने के लिए ऑनलाइन कुछ पुराने फॉर्म सर्कुलेट हो गए थे। बैंक के उन फॉर्म्स में लोगों से अतिरिक्त जानकारी मांगी गई थी। यही वजह रही कि लोगों के बीच इस मसले पर भ्रम पनप गया था कि नोट बदलने के लिए दस्तावेज चाहिए या नहीं।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)
पीएनबी के अफसरों की ओर से इस बाबत समाचार एजेंसी एएनआई को यह साफ किया गया- दो हजार रुपए के नोट बदलने के लिए न तो आधार कार्ड और न ही ऑफीशियल वेरिफाइड डॉक्यूमेंट्स (ओवीडी) की जरूरत है। पीएनबी की सभी ब्रांचों (शाखाओं) को यह निर्देश दिया गया है कि किसी भी प्रकार के फॉर्म को भरने की जरूरत नहीं है।
