इंडियन पोस्ट ऑफिस अब अपनी डिलीवरी सर्विसेज को और तेज करने की तरफ काम कर रहा है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हाल ही में बड़ी घोषणा की है कि भारतीय डाक विभाग नई फास्ट डिलीवरी सेवाएँ शुरू करने जा रहा है। इन सेवाओं के बाद पोस्ट ऑफिस अब 24 घंटे और 48 घंटे के भीतर डाक और पार्सल पहुंचाने की गारंटी देगा। यानी अब जरूरी दस्तावेज या पार्सल का इंतजार करने के लिए कई दिन नहीं लगेंगे। ऐसे में अब आपका पार्सल महज कुछ ही घंटों में आपके पास पहुंच जाएगा।
अब इतने घंटे में पहुंचेगा सामान
सिंधिया ने बताया कि 24 घंटे की स्पीड पोस्ट सेवा में कोई भी डाक आइटम अगले दिन घर पहुंच जाएगा। वहीं 48 घंटे की स्पीड पोस्ट सेवा में दो दिन के अंदर पार्सल डिलीवर हो जाएगा। इससे लोग अपनी जरूरत के हिसाब से तेज या थोड़ा धीमी डिलीवरी का विकल्प चुन सकते हैं। ये नई सेवाएं जनवरी से शुरू होंगी।
अभी कितना समय लगता है?
पार्सल डिलीवरी की स्पीड भी अब बेहतर होगी। अभी पार्सल पहुंचने में 3 से 5 दिन लगते हैं, लेकिन नई सेवा के बाद पार्सल अगले दिन ही पहुँच जाएगा। यह खासकर उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जो व्यवसाय के लिए जल्दी सामान भेजते हैं।
क्या है सरकार का मकसद?
सरकार का लक्ष्य है कि 2029 तक भारतीय डाक विभाग एक लाभ कमाने वाला विभाग बने, जो बेहतर सेवा के साथ आर्थिक रूप से मजबूत भी हो। इसके लिए डाक विभाग नई-नई सेवाएं और प्रोडक्ट्स लॉन्च कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कुल 8 नए प्रोडक्ट्स लॉन्च होंगे, जिनमें तेज डिलीवरी सेवाएँ भी शामिल हैं। इससे न सिर्फ ग्राहकों को फायदा होगा बल्कि डाक विभाग की सेवाओं में भी सुधार आएगा।
