Nitin Gadkari on toll tax for two-wheelers: हाल ही में दावा किया गया था कि केंद्र सरकार जल्द ही दोपहिया वाहनों (टू-व्हीलर) पर भी टोल टैक्स लगाने की तैयारी कर रही है। इन रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि सरकार ऐसे वाहनों से यूजर फीस वसूलने की योजना पर विचार कर रही है। हालांकि, अब नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इन सभी खबरों को खारिज कर दिया है। NHAI ने स्पष्ट रूप से कहा है कि दोपहिया वाहनों पर टोल लगाने को लेकर फिलहाल कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
जानें केंद्रीय मंत्री ने क्या कहा?
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस दावे को खारिज किया है। गडकरी ने कहा, "कुछ मीडिया संस्थान दोपहिया वाहनों पर टोल टैक्स लगाने के बारे में भ्रामक खबरें फैला रहे हैं। ऐसा कोई निर्णय प्रस्तावित नहीं है। दोपहिया वाहनों के लिए टोल पर छूट पूरी तरह जारी रहेगी। सनसनी पैदा करने के लिए सच्चाई की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें फैलाना स्वस्थ पत्रकारिता की निशानी नहीं है। मैं इसकी निंदा करता हूं।"
NHAI ने टू-व्हीलर पर टैक्स लेने के दावे को किया खारिज
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने भी टू-व्हीलर पर टैक्स लेने के दावे को किया खारिज किया है। NHAI ने एक्स पर लिखा, "#FactCheck: मीडिया के कुछ हिस्सों में ऐसी खबरें आई हैं कि भारत सरकार दोपहिया वाहनों पर यूजर फीस लगाने की योजना बना रही है। #NHAI यह स्पष्ट करना चाहता है कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। दोपहिया वाहनों के लिए टोल शुल्क लगाने की कोई योजना नहीं है।"
3000 रुपये का सालाना पास
हाल ही में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने टोल को लेकर एक नई सुविधा की घोषणा की है। इस योजना के तहत सिर्फ ₹3000 में एक साल के लिए पास जारी किया जाएगा, जिससे 200 बार तक यात्रा की जा सकेगी। यह पास 15 अगस्त से लागू होगा। लेकिन यह पास चार पहिया वाहनों के लिए है। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह सुविधा सिर्फ NHAI और नेशनल एक्सप्रेसवे (NE) के टोल प्लाजा पर मान्य होगी। राज्य सरकारों के तहत आने वाले स्टेट हाइवे टोल बूथ पर यह पास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
