How Railway Chart Is Prepared: क्या आपने कभी सोचा है कि ट्रेन का टिकट आखिर कैसे वेटिंग लिस्ट (WL) से कंफर्म स्टेटस तक पहुंचता है और इसमें फर्स्ट चार्ट से लेकर फाइनल चार्ट तक की क्या भूमिका होती है? दरअसल, ट्रेन टिकट बुक करते समय सबसे बड़ा सवाल हर यात्री के मन में यही होता है कि उसका टिकट कन्फर्म होगा या नहीं। खासकर तब जब टिकट WL (Waiting List) या RAC (Reservation Against Cancellation) में हो, तो यात्रा को लेकर चिंता और अनिश्चितता काफी बढ़ जाती है। कुछ लोग आखिरी समय तक बार-बार अपना PNR स्टेटस चेक करते रहते हैं, यह उम्मीद करते हुए कि शायद उनका टिकट कन्फर्म हो जाए। लेकिन बहुत कम यात्रियों को इस बात की जानकारी होती है कि भारतीय रेलवे एक सुव्यवस्थित और तय प्रक्रिया के तहत टिकट कन्फर्म करता है, जिसे रिजर्वेशन चार्ट सिस्टम कहा जाता है। इसी सिस्टम के माध्यम से यह तय होता है कि किस यात्री को सीट मिलेगी और किसका टिकट वेटिंग में ही रह जाएगा। यह प्रक्रिया कई चरणों में पूरी होती है, जिसमें फर्स्ट रिजर्वेशन चार्ट और फाइनल चार्ट का खास महत्व होता है। आइए जानते हैं कि यह रिजर्वेशन चार्ट सिस्टम कैसे काम करता है और आपके टिकट के कन्फर्म होने के पीछे पूरा गणित क्या है-
टिकट कन्फर्मेशन का बेसिक सिस्टम
Train ticket
जब आप Train टिकट बुक करते हैं, तो तीन तरह के स्टेटस मिलते हैं-
- Confirmed (CNF) – कंफर्म सीट
- RAC (Reservation Against Cancellation)– यात्रा की अनुमति होगी लेकिन सीट शेयर करनी होगी
- WL (Waiting List)- सीट अभी उपलब्ध नहीं
रेलवे का पूरा सिस्टम कुछ इस तरह काम करता है कि जैसे-जैसे सीट खाली होती है, वेटिंग टिकट धीरे-धीरे कन्फर्म होने की ओर बढ़ती है। वेटिंग से कंफर्म के स्टेटस तक के लिए पहला और दूसरा रिजर्वेशन चार्ट बनाया जाता है।
फर्स्ट रिजर्वेशन चार्ट क्या होता है?
रेलवे द्वारा तैयार किया जाने वाला पहला चार्ट फर्स्ट रिजर्वेशन चार्ट कहलाता है। इसका उद्देश्य यात्रियों को समय रहते उनकी सीट का स्टेटस बताना होता है, ताकि वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें।
पिछले साल भारतीय रेलवे ने रिजर्वेशन चार्ट बनाने के समय में बदलाव किया था। पहले जहां ट्रेन के प्रस्थान से 4 घंटे पहले पहला रिजर्वेशन चार्ट जारी किया जाता था, वहीं 10 जुलाई 2025 से इसे बढ़ाकर 8 घंटे पहले कर दिया गया है।
नए नियम के अनुसार, सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों का पहला चार्ट पिछले दिन रात 9 बजे तक तैयार कर दिया जाता है, जबकि दोपहर 2 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे के बीच चलने वाली ट्रेनों के लिए यह चार्ट प्रस्थान से 8 घंटे पहले बनता है। इस चार्ट के बनने के बाद आपको यह साफ पता चल जाता है कि आपका टिकट अभी भी वेटिंग में है या RAC/कन्फर्म में बदल गया है।
फाइनल रिजर्वेशन चार्ट क्या होता है?
फर्स्ट चार्ट के बाद भी प्रक्रिया खत्म नहीं होती। रेलवे एक और चार्ट बनाता है, जिसे फाइनल रिजर्वेशन चार्ट कहा जाता है। यह चार्ट ट्रेन के चलने से लगभग 30 मिनट पहले तैयार किया जाता है। यही वह आखिरी मौका होता है, जब कैंसिल हुई सीटें फिर से अलॉट होती हैं। साथ ही, RAC और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को सीट मिलने की संभावना होती है।
टिकट कन्फर्म कैसे होता है?
Train ticket
टिकट कन्फर्म होने की प्रक्रिया इस तरह काम करती है-
- जब कोई कन्फर्म टिकट कैंसिल करता है, तो वह सीट खाली हो जाती है।
- यह सीट पहले RAC वाले यात्री को दी जाती है।
- फिर RAC के बाद वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों को मौका मिलता है।
- फाइनल चार्ट बनने तक यह प्रक्रिया जारी रहती है।
खास बात यह है कि Tatkal quota की खाली सीटें भी फाइनल चार्ट में RAC और WL यात्रियों को दी जाती हैं।
यात्रियों के लिए क्यों जरूरी है ये सिस्टम?
यह सिस्टम यात्रियों के लिए इसलिए बेहद जरूरी है क्योंकि यह उनकी यात्रा को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित और तनावमुक्त बनाता है। जब रिजर्वेशन चार्ट समय से पहले तैयार होता है, तो यात्रियों को उनकी सीट का स्टेटस पहले ही पता चल जाता है चाहे टिकट कन्फर्म हुआ हो, RAC में हो या अभी भी वेटिंग में हो। इससे अनिश्चितता काफी हद तक कम हो जाती है, जो अक्सर यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता होती है। समय पर सही जानकारी मिलने से यात्री यह तय कर पाते हैं कि उन्हें यात्रा करनी है या कोई वैकल्पिक व्यवस्था करनी है, जैसे दूसरी ट्रेन या अन्य साधन चुनना। इसके अलावा, पहले से जानकारी होने पर वे अपने बोर्डिंग स्टेशन तक पहुंचने की बेहतर योजना बना सकते हैं, जिससे आखिरी समय की भागदौड़ और तनाव से बचा जा सकता है। यह सिस्टम यात्रियों को अधिक नियंत्रण और सुविधा देता है, जिससे उनकी पूरी यात्रा का अनुभव बेहतर और सहज बनता है।
टिकट कन्फर्मेशन के लिए चार्ट की अहम भूमिका
भारतीय रेलवे का टिकट कन्फर्मेशन सिस्टम एक पूरी तरह से एक स्टेप-बाय-स्टेप प्रॉसेस पर आधारित है, जिसमें फर्स्ट चार्ट और फाइनल चार्ट की अहम भूमिका होती है। अगर आपका टिकट (Train Ticket) वेटिंग में है, तो घबराने की जरूरत नहीं होनी चाहिए क्योंकि फाइनल चार्ट तक आपके टिकट के कन्फर्म होने की संभावना बनी रहती है।
