Diwali-Chhath Flight Booking Tips: दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर हर कोई अपने घर जाना चाहता है। ऐसे में ट्रेन के साथ-साथ फ्लाइट टिकट की मांग भी बढ़ जाती है और किराए भी आसमान छूने लगते हैं। अगर आप भी इन त्योहारों में घर जाने की योजना बना रहे हैं, तो टिकट बुक करते समय कुछ आसान उपाय अपनाकर हजारों रुपये बचा सकते हैं। त्योहारों के समय टिकट की डिमांड बहुत ज्यादा होती है। अगर आप आखिरी समय तक इंतजार करेंगे तो टिकट महंगे मिलेंगे या मिलेंगे ही नहीं। इसलिए जैसे ही आपकी छुट्टियों की तारीख तय हो, तुरंत टिकट बुक कर लें। अगर नहीं कर सके तो यहां बताए गए टिप्स पर गौर करें आपको सस्ते में टिकट मिल सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही कुछ काम के टिप्स।
इनकॉग्निटो मोड में करें सर्च
जब आप बार-बार एक ही रूट की टिकट सर्च करते हैं, तो वेबसाइट्स आपकी एक्टिविटी ट्रैक करती हैं और किराया बढ़ा देती हैं। इससे बचने के लिए ब्राउजर का इनकॉग्निटो मोड इस्तेमाल करें। इससे सर्च हिस्ट्री सेव नहीं होगी और आपको वास्तविक किराया दिखेगा।
फ्लेक्सिबल डेट्स चुनें
अगर आप यात्रा की तारीखों को थोड़ा आगे-पीछे कर सकते हैं तो सस्ते टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाती है। वीकेंड या त्योहार के एक दिन पहले की बजाय त्योहार के 2-3 दिन पहले की टिकटें सस्ती हो सकती हैं।
दोपहर या देर रात की फ्लाइट चुनें
सुबह और शाम की फ्लाइट्स की डिमांड ज्यादा होती है, इसलिए उनके किराए भी ज्यादा होते हैं। ऐसे में अगर आप दोपहर या रात की फ्लाइट्स चुनते हैं, तो टिकट सस्ती मिल सकती है।
टिकट प्राइस की तुलना जरूर करें
बुकिंग करने से पहले Google Flights, Skyscanner, MakeMyTrip और Yatra जैसी वेबसाइट्स या ऐप्स पर कीमतों की तुलना जरूर करें। इससे आप सबसे सस्ते विकल्प का चुनाव कर सकते हैं।
कैशबैक और कूपन ऑफर का लाभ उठाएं
त्योहारों के समय कई बुकिंग वेबसाइट्स और बैंक ऑफर्स देते हैं। क्रेडिट कार्ड या यूपीआई से पेमेंट करने पर कैशबैक और डिस्काउंट मिल सकता है। बुकिंग से पहले कूपन कोड जरूर चेक करें।
अगर आप थोड़ी प्लानिंग और स्मार्ट बुकिंग करते हैं, तो दिवाली और छठ जैसे महंगे सीजन में भी आप किफायती दामों में फ्लाइट टिकट बुक कर सकते हैं। ऊपर दिए गए टिप्स अपनाकर आप अपने सफर को सस्ता, सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकते हैं। त्योहार की खुशी में जेब का ख्याल रखना भी जरूरी है!
