FASTag Payment Failed: गाड़ी की विंडस्क्रीन पर लगा FASTag रेडियो-फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन टेक्नोलॉजी के जरिए टोल शुल्क को सीधे FASTag वॉलेट से काट देता है। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि FASTag में पैसा होने के बावजूद टोल प्लाजा पर पेमेंट फेल हो जाती है। ऐसी स्थिति में कई लोग मान लेते हैं कि FASTag में पैसे नहीं हैं, जबकि समस्या किसी दूसरी वजह से भी हो सकती है-
FASTag Blacklist या Hotlist हो सकता है
FASTag में पैसे होने के बावजूद पेमेंट फेल होने की सबसे बड़ी वजहों में से एक Blacklisted या Hotlisted FASTag हो सकता है। NHAI के मुताबिक, ब्लैकलिस्ट किया गया FASTag टोल प्लाजा पर भुगतान के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। इसके पीछे कम बैलेंस के अलावा कुछ नियमों का उल्लंघन भी कारण हो सकता है।
Minimum Balance से कम हो सकता है बैलेंस
FASTag में रकम दिखाई देने का मतलब यह जरूरी नहीं कि पूरी रकम टोल पेमेंट के लिए उपलब्ध हो। कुछ मामलों में बैंक की ओर से निर्धारित Threshold या Minimum Balance बनाए रखना जरूरी होता है।
FASTag मशीन में स्कैन नहीं हुआ
कई बार समस्या FASTag के वॉलेट में नहीं, बल्कि RFID टैग के डिटेक्शन में होती है। अगर टोल प्लाजा का रीडर आपकी कार पर लगे FASTag को सही तरीके से स्कैन नहीं कर पाता, तो पर्याप्त बैलेंस होने के बावजूद ट्रांजैक्शन नहीं हो पाएगा। ऐसी स्थिति में यह देखना चाहिए कि FASTag विंडस्क्रीन पर सही जगह लगा है या नहीं और वह ढका या क्षतिग्रस्त तो नहीं है।
FASTag किसी दूसरे वाहन का हो सकता है
एक FASTag को दूसरे वाहन में लगाकर इस्तेमाल करना भी समस्या पैदा कर सकता है। NHAI के अनुसार, FASTag एक खास वाहन के लिए जारी किया जाता है। अगर किसी कार के लिए जारी किया गया FASTag किसी दूसरे वाहन, खासकर अलग कैटेगरी के वाहन पर इस्तेमाल किया जाता है, तो टैग ब्लैकलिस्ट हो सकता है और टोल प्लाजा पर प्रवेश से इनकार किया जा सकता है।
इसलिए नई कार खरीदने पर पुराने वाहन का FASTag उसी तरह इस्तेमाल करने के बजाय संबंधित बैंक से नया FASTag जारी करवाना चाहिए।
KYC या वाहन की जानकारी में समस्या
FASTag के सही तरीके से काम करने के लिए उससे जुड़ी जानकारी भी अपडेट होनी चाहिए। KYC अधूरी होने या वाहन नंबर से जुड़ी जानकारी अपडेट न होने पर FASTag की स्थिति प्रभावित हो सकती है।
टोल पर जाने से पहले क्या करें?
टोल प्लाजा पर पहुंचने से पहले FASTag का बैलेंस, स्टेटस, KYC और वाहन नंबरचेक कर लें। यह भी सुनिश्चित करें कि FASTag विंडस्क्रीन पर सही तरीके से लगा हुआ है और किसी दूसरे वाहन का टैग इस्तेमाल नहीं हो रहा है।
