रसोई गैस (LPG) पर निर्भरता कम करने और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने के लिए सरकार और गैस कंपनियों की मुहिम का असर दिखने लगा है। पिछले एक महीने में करीब 8 लाख नए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन जोड़े गए हैं। इनमें घरेलू और कमर्शियल दोनों उपभोक्ता शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से लगभग आधे कनेक्शन चालू हो चुके हैं, जबकि बाकी प्रक्रिया में हैं।
LPG सप्लाई को लेकर डरने की जरूरत नहीं
सरकारी अधिकारियों ने साफ किया है कि एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है। हर महीने करीब 50 लाख सिलेंडर की डिलीवरी की जा रही है, जिससे घरेलू मांग पूरी तरह और कमर्शियल मांग का लगभग 80% तक पूरा किया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
16 हजार से ज्यादा LPG कनेक्शन सरेंडर
सरकार के निर्देश के बाद 16,000 से ज्यादा लोगों ने अपने LPG कनेक्शन सरेंडर कर दिए हैं। खासतौर पर वे उपभोक्ता, जिनके पास PNG कनेक्शन है, उन्हें सिलेंडर छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है ताकि सिस्टम पर दबाव कम हो सके। इसके लिए एक पोर्टल भी बनाया गया है, जहां लोग स्वेच्छा से कनेक्शन सरेंडर कर सकते हैं।

पीएनजी गैस
इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप को बढ़ावा
सरकार ने लोगों को इंडक्शन और इलेक्ट्रिक कुकटॉप जैसे विकल्प अपनाने की सलाह दी है। इससे गैस पर निर्भरता कम होगी और सप्लाई सिस्टम पर दबाव भी घटेगा।
ऑनलाइन बुकिंग और नई डिलीवरी व्यवस्था
एलपीजी सिलेंडर की ऑनलाइन बुकिंग अब 95% तक पहुंच गई है। वहीं, ऑथेंटिकेशन कोड आधारित डिलीवरी भी तेजी से बढ़ी है, जो फरवरी में 53% थी और अब 90% तक पहुंच गई है। इसका उद्देश्य डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर होने वाली गड़बड़ियों को रोकना है।
छोटे सिलेंडर से प्रवासी लोगों को राहत
प्रवासी और बिना नियमित कनेक्शन वाले लोगों के लिए ऑयल कंपनियों ने 5 किलो के पोर्टेबल सिलेंडर की बिक्री बढ़ा दी है। 23 मार्च से अब तक करीब 6.6 लाख छोटे सिलेंडर बेचे जा चुके हैं, जिनमें एक दिन में 90,000 तक की बिक्री दर्ज की गई है।
देश के प्रमुख PNG गैस प्रदाता
भारत में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा तेजी से बढ़ रही है। प्रमुख कंपनियों में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (Indraprastha Gas Limited) (दिल्ली-एनसीआर), महानगर गैस लिमिटेड (Mahanagar Gas Limited) (मुंबई), गुजरात गैस (Gujarat Gas) (गुजरात), अडानी टोटल गैस (Adani Total Gas) (कई शहरों में) और गेल गैस लिमिटेड (GAIL Gas Limited) (बेंगलुरु, पटना जैसे शहरों में) शामिल हैं।
IGL PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कैसे करें
IGL के PNG कनेक्शन के लिए सबसे पहले इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां PNG सेक्शन में जाकर ‘Apply for PNG connection’ विकल्प चुनें। इसके बाद घरेलू (Residential) कैटेगरी सिलेक्ट करें, अपनी पर्सनल और एड्रेस डिटेल भरें, जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और फॉर्म सबमिट करें। आवेदन के बाद आपको एक एप्लीकेशन नंबर मिलेगा, जिसके जरिए आगे की प्रक्रिया पूरी होगी। फॉर्म सबमिट करने के बाद आवेदक अपने एप्लीकेशन नंबर की मदद से आवेदन की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं। वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद घर पर PNG कनेक्शन इंस्टॉल कर दिया जाता है।
Adani Total Gas PNG कनेक्शन प्रक्रिया
Adani Total Gas के लिए आवेदन करने हेतु इसकी वेबसाइट पर जाएं। वहां Residential PNG विकल्प चुनें, अपनी पर्सनल जानकारी भरें, शहर और जिला चुनें, पूरा पता दर्ज करें और OTP के जरिए वेरिफिकेशन करें। इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करके आवेदन सबमिट करें।
GAIL PNG कनेक्शन के लिए आवेदन
GAIL Gas Limited के कनेक्शन के लिए आवेदक वेबसाइट या नजदीकी कार्यालय में जाकर रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ आधार कार्ड या राशन कार्ड जैसे पहचान पत्र अपलोड करना होता है। आवेदन जमा करने के बाद एप्लीकेशन नंबर के जरिए स्टेटस ट्रैक किया जा सकता है।
MGL PNG कनेक्शन कैसे लें
Mahanagar Gas Limited की वेबसाइट पर जाकर Domestic PNG Connection विकल्प चुनें। इसके बाद पिनकोड डालें, बिल्डिंग का नाम चुनें, इंस्टॉलेशन और पर्सनल डिटेल भरें, पहचान पत्र अपलोड करें और आवेदन सबमिट करें।
