UP : रस्म अधूरी छोड़ मंडप से भागी दुल्हन, जीत का सर्टिफिकेट लेने के बाद दुल्हे को पहनाई वरमाला 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 4, 2021, 02:16 PM IST

Rampur News : मतगणना केंद्र पर दुल्हन के लिबास में सजी-धजी लड़की को देखकर लोग पहले तो हैरान हुए फिर बाद में पता चला कि लड़की ने बीडीसी का चुनाव जीता है और वह अपनी जीत का प्रमाणपत्र लेने आई है। 

UP : रस्म अधूरी छोड़ मंडप से भागी दुल्हन, जीत का सर्टिफिकेट लेने के बाद दुल्हे को पहनाई वरमाला 

बरेली : रामपुर में एक दुल्हन की शादी की रस्में चल रही थीं और वह दुल्हे को वरमाला पहनाने वाली थी कि इसी बीच उसके चुनाव जीतने की खबर आ गई। चुनाव जीतने की खबर पाकर दुल्हन खुद को रोक नहीं पाई और दुल्हे को वरमाला पहनाने से पहले मतगणना केंद्र के लिए रवाना हो गई। मतगणना केंद्र पर दुल्हन के लिबास में सजी-धजी लड़की को देखकर लोग पहले तो हैरान हुए फिर बाद में पता चला कि लड़की ने बीडीसी का चुनाव जीता है और वह अपनी जीत का प्रमाणपत्र लेने आई है। 

मतगणना वाले दिन शादी थी
दरअसल, यूपी में दो मई को पंचायत चुनाव की मतगणना शुरू हुई और इसी दिन पूनम शर्मा नाम का लड़की की शादी थी। रामपुर जिले के मिलक इलाके के ग्राम मोहम्मद पुर जदीद गांव निवासी पूनम दूल्हे को वरमाला पहनाने वाली थी कि उसे जीत की सूचना मिली। विवाह स्थल से मतगणना केंद्र की दूरी करीब 20 किलोमीटर है। जीत की खबर पाकर पूनम खुद को रोक नहीं पाई और वह जीत का प्रमाणपत्र लेने के लिए रात के करीब 9.30 बजे वहां पहुंच गई। जीत का प्रमाणपत्र लेने के बाद पूनम जब वापस लौटी तो शादी की बाकी रस्में पूरी की गईं।

दुल्हन ने कहा-यह मेरी शादी का सर्वश्रेष्ठ उपहार
टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक स्नातक तक पढ़ाई करने वाली पूनम ने कहा, 'यह मेरी शादी का सर्वश्रेष्ठ उपहार है क्योंकि अब मैं बीडीसी सदस्य बन गई हूं। मैं अपने जीवन में कभी यह क्षण नहीं भूल सकती क्योंकि वरमाला छोड़कर शादी की सभी रस्में पूरी हो गई थीं। इसी दौरान मुझे बताया गया कि मैंने बीडीसी का चुनाव 31 वोटों से जीत लिया है। मेरे ससुराल पक्ष के लोगों ने प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए विवाह स्थल से मुझे जाने की अनुमति दी।' 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!