शिवरात्रि पर Delhi-NCR में करें इन शिव मंदिरों के दर्शन, यहां उमड़ती है भक्तों की भीड़
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Feb 10, 2026, 04:46 PM IST
महाशिवरात्रि का पर्व भगवान शिव की भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अवसर माना जाता है। इस दिन भक्त भगवान शिव के मंदिरों में दर्शन के लिए जाते हैं। आज हम आपको दिल्ली-एनसीआर के कुछ फेमस शिव मंदिरों के बारे में बताने जा रहे हैं।
दिल्ली-एनसीआर के टॉप 5 शिव मंदिर
Famous Shiva Temples in Delhi NCR: शिवरात्रि के पूजन के लिए आप फेमस शिव मंदिरों में दर्शन के लिए जा सकते हैं। इस दिन श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। यदि आप Delhi-NCR में रहते हैं, तो यहां कई ऐसे प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर हैं जहां शिवरात्रि के अवसर पर भव्य आयोजन होते हैं। आइए जानते हैं ऐसे ही प्रमुख शिव मंदिरों के बारे में जहां दर्शन करके आप इस पर्व को और भी खास बना सकते हैं।
गौरी शंकर मंदिर, चांदनी चौक
पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर राजधानी के सबसे प्रसिद्ध शिव मंदिरों में से एक है। माना जाता है कि यहां करीब 800 साल पुराना शिवलिंग स्थापित है। महाशिवरात्रि के दिन इसे विशेष रूप से सजाया जाता है और यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। पुराने दिल्ली के बाजारों के बीच स्थित यह मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
मंगल महादेव मंदिर, दिल्ली-गुरुग्राम रोड
दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित मंगल महादेव मंदिर को आमतौर पर शिव मूर्ति के नाम से जाना जाता है, यह अपनी विशाल शिव प्रतिमा के लिए प्रसिद्ध है। यहां स्थापित भगवान शिव की ऊंची प्रतिमा दूर से ही दिखाई देती है। शिवरात्रि पर यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
दूधेश्वर नाथ मंदिर, गाजियाबाद
गाजियाबाद में स्थित दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर दिल्ली-एनसीआर के सबसे प्राचीन मंदिरों में से एक माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यहां स्वयंभू शिवलिंग स्थापित है। यहां शिवरात्रि पर जल चढ़ाने लोग दूर-दूर से आते हैं। इस दिन यहां एक विशाल मेले जैसा माहौल रहता है।
सूरजकुंड महादेव मंदिर, फरीदाबाद
फरीदाबाद के सूरजकुंड में स्थित प्राचीन महादेव मंदिर शिव भक्तों के बीच काफी फेमस है। पहाड़ी और प्राकृतिक वातावरण के बीच स्थित यह मंदिर शांत और आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करता है। इस मंदिर में कई तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
महाशिवरात्रि के दिन इन मंदिरों में दर्शन करने का महत्व विशेष माना गया है। इस दिन भक्त सुबह से व्रत रखकर जल, दूध और बेलपत्र शिवलिंग पर अर्पित करते हैं और भगवान शिव से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। भगवान शिव के ये प्रमुख मंदिर न केवल धार्मिक आस्था के केंद्र हैं, बल्कि यहां आपको आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिलेगा।
