यात्रा

लक्षद्वीप जाने का है प्लान? पहले जान लें कब मिलेगा जन्नत वाला मौसम, कैसे जाना रहेगा बेस्ट

क्या आप भी इस गर्मी लक्षद्वीप घूमने का प्लान बना रहे हैं? तो आखिर देखें कब है यहां जाने का सबसे सही समय और किन बातों का रखना होगा ध्यान?

Image

Lakshadweep

अगर आप इस गर्मी किसी ऐसी जगह घूमने का सपना देख रहे हैं जहां नीला समंदर, सफेद रेत और सुकून भरा माहौल हो, तो लक्षद्वीप आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन बन सकता है। खास बात यह है कि अब यहां घूमने जाना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो गया है। केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन ने टूरिस्ट्स के लिए लंबे समय से लागू कुछ परमिट नियमों में बड़ी राहत दी है।

पहले लक्षद्वीप जाने के लिए यात्रियों को पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट जमा करना पड़ता था, लेकिन अब इस नियम को हटा दिया गया है। अब आवेदन जमा होने के बाद सुरक्षा जांच सीधे लक्षद्वीप पुलिस द्वारा की जाएगी। चूंकि लक्षद्वीप एक प्रतिबंधित क्षेत्र माना जाता है, इसलिए यहां प्रवेश के नियम पहले काफी सख्त थे। लेकिन नए बदलाव के बाद यह खूबसूरत आइलैंड अब समर वेकेशन लिस्ट में तेजी से शामिल हो रहा है।

लक्षद्वीप कैसे पहुंचें?

लक्षद्वीप पहुंचने के लिए हवाई और समुद्री दोनों रास्ते मौजूद हैं। यहां का एकमात्र एयरपोर्ट अगत्ती द्वीप पर है, जहां मुख्य रूप से कोच्चि से फ्लाइट्स संचालित होती हैं। इसके अलावा कोच्चि से पैसेंजर शिप भी चलती हैं, जिनसे यात्रा में लगभग 14 से 20 घंटे लग सकते हैं। हाल ही में मंगलुरु से शुरू हुई हाई-स्पीड फेरी ने यात्रा को और आसान बना दिया है। इस फेरी से अब केवल 7 घंटे में लक्षद्वीप पहुंचा जा सकता है।

घूमने का सबसे अच्छा समय कौन सा है?

लक्षद्वीप घूमने का सबसे बेहतरीन समय अक्टूबर से मार्च तक माना जाता है। इस दौरान तापमान लगभग 27 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। मौसम साफ रहता है और समुद्र शांत होने की वजह से स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग और कयाकिंग जैसी गतिविधियों का पूरा आनंद लिया जा सकता है। अगर आप बीच पर आरामदायक छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो अगत्ती और बंगाराम द्वीप शानदार विकल्प हैं। हालांकि पीक सीजन में होटल और रिसॉर्ट्स की कीमतें बढ़ सकती हैं।

मानसून में क्यों बदल जाता है नजारा?

जून से सितंबर के बीच यहां भारी बारिश और तेज समुद्री लहरें देखने को मिलती हैं। कई बार बारिश मई के मध्य से ही शुरू हो जाती है। इस दौरान फेरी सेवाएं और वॉटर स्पोर्ट्स प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए मानसून को यहां ऑफ-सीजन माना जाता है।

समर ट्रैवल के लिए जरूरी टिप्स

अगर आप गर्मियों में लक्षद्वीप जाने का प्लान बना रहे हैं, तो होटल और परमिट पहले से बुक कर लें। हल्के और आरामदायक कपड़े साथ रखें। धूप से बचने के लिए सनस्क्रीन, टोपी और सनग्लासेस जरूर रखें। दिन के सबसे गर्म समय में वॉटर एक्टिविटीज से बचना बेहतर रहेगा।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article