IRCTC tour package: भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी IRCTC की ओर से 'दिव्य दक्षिण यात्रा विद अरुणाचलम-चिदंबरम' नाम से खास धार्मिक टूर पैकेज लॉन्च कर दिया गया है। यह यात्रा भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिए कराई जाएगी। 8 दिन का ये टूर पैकेज रहने वाला है। इस यात्रा में अरुणाचलम, रामेश्वरम, मदुरै, कन्याकुमारी, तिरुचिरापल्ली, तंजावुर और चिदंबरम जैसे दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा की शुरुआत तिरुवन्नामलाई रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद होगी। यहां यात्रियों को ठहरने और स्नान आदि की व्यवस्था दी जाएगी। इसके बाद भगवान शिव के प्रसिद्ध अरुणाचलम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को यात्रियों को वापस रेलवे स्टेशन छोड़ा जाएगा, जहां से ट्रेन रामेश्वरम के लिए रवाना होगी। रामेश्वरम पहुंचने के बाद यात्रियों को सड़क मार्ग से होटल ले जाया जाएगा। थोड़े आराम और तरोताजा होने के बाद रामनाथस्वामी मंदिर और आसपास के प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे। यहां रात के खाने और ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
इसके बाद दोपहर में बस के जरिए मदुरै के लिए रवाना हुआ जाएगा। मदुरै पहुंचने पर यात्रियों को प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन और खरीदारी के लिए समय मिलेगा। शाम को यात्रियों को रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा, जहां से ट्रेन कन्याकुमारी के लिए चलेगी। कन्याकुमारी पहुंचने पर यात्रियों को ठहरने की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद विवेकानंद रॉक मेमोरियल, गांधी मंडप और सनसेट प्वाइंट जैसे प्रसिद्ध स्थानों की सैर कराई जाएगी। घूमने के बाद यात्रियों को रेलवे स्टेशन छोड़ा जाएगा, जहां से आगे की यात्रा तिरुचिरापल्ली के लिए शुरू होगी।
तिरुचिरापल्ली पहुंचने पर यात्रियों को आराम करने की व्यवस्था दी जाएगी। इसके बाद प्रसिद्ध श्रीरंगम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। दोपहर बाद सड़क मार्ग से तंजावुर ले जाया जाएगा, जहां विश्व प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर दिखाया जाएगा। रात का ठहराव तिरुचिरापल्ली में रहेगा। अगली सुबह यात्रियों को रेलवे स्टेशन पहुंचाया जाएगा, जहां से ट्रेन चिदंबरम के लिए रवाना होगी। चिदंबरम पहुंचने पर यात्री नटराज मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। दर्शन के बाद तय समय पर वापस रेलवे स्टेशन पहुंचकर सिकंदराबाद के लिए वापसी यात्रा शुरू होगी।
24 मई 2026 प्रस्थान की तारीख रखी गई है। खर्चे की बात करें तो Economy (SL) क्लास में प्रति व्यक्ति किराया 14,500/- वहीं स्टैंडर्ड 3AC में किराया 21,700/- कंफर्ट 2AC में किराया 27,900/- रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए न्यूनतम किराया 13,500 रुपए तय किया गया है। इस पैकेज का कोड SCZBG58 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 9281495843, 8287932228, 9281030712 पर संपर्क कर सकते हैं।
