महाकालेश्वर से ओंकारेश्वर तक दर्शन की शानदार यात्रा, IRCTC के साथ बनाएं 5 दिन का ट्रैवल प्लान
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Feb 4, 2026, 07:06 AM IST
IRCTC Jyotirlinga Tour Package: IRCTC के विशेष तीर्थ यात्रा पैकेज में श्रद्धालुओं को महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के साथ काल भैरव मंदिर के दर्शन का अवसर दे रहा है। यदि आप इस धार्मिक यात्रा पर जाना चाहते हैं, तो जानें पूरी डिटेल...
महाकालेश्वर-ओंकारेश्वर दर्शन की यात्रा
IRCTC Jyotirlinga Tour Package: हर यात्रा एक कहानी कहती है, और कुछ यात्राएं तो सीधे अध्यात्म के दिल तक पहुंचती हैं। जहां हर कदम पर भक्ति, इतिहास और सांस्कृतिक गहराई महसूस होती है। भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी IRCTC ने पारंपरिक तीर्थ-यात्रा को एक नया रूप दिया है। यदि आप महाकालेश्वर के साथ ओंकारेश्वर के भी दर्शन करना चाहते हैं, तो आपके लिए खास Mahakaleshwar-Omkareshwar Jyotirlinga Darshan नाम से पांच दिनों का विशेष पैकेज है। जो उज्जैन और ओंकारेश्वर के पवित्र ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के साथ-साथ काल भैरव मंदिर के दर्शन भी कराएगा। आइए जानते हैं इस पैकेज की सभी डिटेल्स...
यात्रा की शुरुआत
इस आध्यात्मिक यात्रा की शुरुआत प्रत्येक बुधवार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 9:45 बजे ट्रेन नंबर 12416 (इंदौर इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के जरिए होती है। रात भर के सफर के बाद सुबह इंदौर में आपका स्वागत होता है। वहां से आगे की यात्रा उज्जैन-ओंकारेश्वर की ओर शुरू होती है। यात्रा का पहला पड़ाव है ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग है। इसके बाद बाबा महाकाल के दर्शन का प्लान यात्रा में शामिल है। ये मंदिर उज्जैन शहर में स्थित एक प्राचीन मंदिर है। उज्जैन में महाकाल के बाद काल भैरव के दर्शन के लिए भी आपको लाया जाएगा। यहां जीवन की यात्रा को एक सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
पैकेज की डिटेल्स
भारतीय रेलवे की सहायक कंपनी IRCTC (Indian Railway Catering and Tourism Corporation) द्वारा बनाए गए इस खास टूर पैकेज में 4 रात और 5 दिन का सफर शामिल है। जिसमें घूमने-फिरने से लेकर रहने-खाने तक की सभी सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा आरती और दर्शन के सभी तरह के पास का इंतजाम भी पैकेज में शामिल है। इस पैकेज में आपको 3 क्लास एसी कोच में सफर कराया जाएगा। इस पैकेज का नाम MAHAKALESHWAR-OMKARESHWAR JYOTIRLINGA DARSHAN है। जिसका कोड (NDR011) तय किया गया है। इस पैकेज की बुकिंग आप IRCTC की आधिकारिक बेवसाइट या मोबाइल एप के द्वारा कर सकते हैं। इसके अलावा आपको फोन कॉल के द्वारा भी पैकेज बुक करने की सुविधा दी जाती है।
कितना होगा खर्च
इस पैकेज से अकेले सफर करने पर आपको 31,370 रुपए खर्च करने होंगे। जबकि 2 लोगों के साथ सफर करने पर आपका ये खर्चा महज 18,060 रुपए प्रति व्यक्ति का होगा। वहीं यदि आप 3 लोगों के साथ सफर कर रहे हैं, तो आपको केवल 15,805 रुपए प्रति व्यक्ति का शुल्क देना होगा। वहीं 5 से 11 साल के बच्चे के लिए किराया केवल 14,130 रुपए रखा गया है।