यात्रा

भट्टी की तरह तप रहे देश के प्रमुख टूरिस्ट प्लेस, अभी घूमने का बनाया प्लान तो होगा हाल बेहाल

छुट्टियों का सीजन शुरू हो चुका है और लोग घूमने का प्लान बनाते नजर आ रहे हैं। ऐसे आपको देश के सबसे गर्म टूरिस्ट प्लेस के बारे में जान लेना चाहिए। यहां जाना आपकी हालत खराब कर सकता है।

Image

देश के गर्म टूरिस्ट डेस्टिनेशन

Hot Weather Travel Destination: मई-जून की छुट्टियां आते ही लोग घूमने-फिरने की प्लानिंग शुरू कर देते हैं, लेकिन इस बार देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। 25 मई से 2 जून तक चलने वाले नौतपा के दौरान तापमान 50 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में कुछ लोकप्रिय पर्यटन स्थलों की यात्रा आपके लिए परेशानी का कारण बन सकती है। अगर आप समर वेकेशन की तैयारी कर रहे हैं, तो इन जगहों का मौसम जरूर जांच लें। आइए जानते हैं देश के प्रमुख टूरिस्ट प्लेस (Hottest Places in India) जो इस समय भीषण गर्मी में तप रहे हैं।

नागपुर

महाराष्ट्र के नागपुर को ऑरेंज सिटी और वाइल्डलाइफ टूरिज्म के लिए जाना जाता है। यहां आसपास कई टाइगर रिजर्व और नेचर स्पॉट मौजूद हैं, लेकिन इस समय नागपुर का तापमान 46-47 डिग्री के बीच बना हुआ है। जो टूरिस्ट के लिए सफारी या आउटडोर एक्टिविटी के दौरान डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में आपको नागपुर या आसपास के इलाके में घूमने से बचने का प्लान बनाना चाहिए।

चंद्रपुर

महाराष्ट्र का चंद्रपुर अपने जंगलों और बाघ अभयारण्यों के लिए प्रसिद्ध है। यहां सफारी का अलग ही अनुभव मिलता है। हालांकि इस समय यहां का तापमान 45 डिग्री से ज्यादा है। ऐसे मे आपका खुले में सफारी करना सेहत पर भारी पड़ सकता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स ऐसे में बच्चों और बुजुर्गों को खास बचने की सलाह देते हैं।

श्रीगंगानगर

राजस्थान का श्री गंगानगर एक ऐसा इलाका है जहां गर्मियों में तापमान 46-47 डिग्री तक पहुंच जाता है। इसके अलावा यहां चलने वाली सूखी और गर्म हवाएं शरीर को तेजी से डिहाइड्रेट कर सकती हैं। भारत-पाकिस्तान की सीमा के आसपास मौजूद ये शहर अपनी संस्कृति के लिए जाना जाता है। नौतपा के दौरान यहां लंबी यात्रा करना काफी मुश्किल हो सकता है। यदि बहुत जरूरी न हो तो आपको यहां घूमने का प्लान कुछ दिन के लिए टाल देना चाहिए।

बांदा

उत्तर प्रदेश का ऐतिहासिक शहर बांदा इन दिनों देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल है। यहां का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका होगा। देश के बुंदेलखंड क्षेत्र का ये इलाका पर्यटन के लिए पहचान रखता है। हालांकि इतनी तेज गर्मी में घूमना आपकी सेहत के लिए जोखिम पैदा कर सकता है। टूरिस्ट तो छोड़िए यहां स्थानीय निवासी भी दिन में दोपहर के समय बाहर निकलने से बच रहे हैं।

खजुराहो

मध्य प्रदेश का खजुराहो अपने विश्व प्रसिद्ध मंदिर और गुफाओं के लिए जाना जाता है। यहां वास्तुकला देखने लोग दुनिया भर से आते हैं। यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट में शामिल ये जगह पर्यटन के लिए काफी फेमस है। इन दिनों यहां तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां पत्थरों पर पड़ने वाली धूप में आपको गर्मी और ज्यादा महसूस होती है।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article