अयोध्या में भगवान राम के बाल स्वरूप राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। प्राण प्रतिष्ठा का शुभ मुहूर्त 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकंड से 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकंड तक रहेगा। प्राण प्रतिष्ठा के लिए सिर्फ 84 सेकंड का मुहूर्त है। राम मंदिर के गर्भ गृह में प्रतिस्थापित होने वाली राम लला की मूर्ति को मैसूर के प्रसिद्ध मूर्तिकार अरुण योगीराज ने तैयार किया है। राम लला की तीन मूर्तियां तराशी गई हैं जिनमें से एक गर्भ गृह में लगेगी। उत्तर प्रदेश में स्थित अयोध्या भगवान राम की जन्मस्थली है। इस प्राचीन नगरी का उल्लेख रामायण और महाभारत जैसे धार्मिक ग्रंथों में मिलता है। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भव्य एवं दिव्य होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित राजनीति एवं अन्य क्षेत्रों की करीब 7500 हस्तियां प्राण प्रतिष्ठा के इस कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के लिए अयोध्या को दुल्हन की तरह सजाया गया है। देश भर में इसे लेकर गजब का उत्साह एवं जोश देखा जा रहा है। पूरा देश राम मय है।