अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित अनियमितता और चोरी के आरोपों से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। यह रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ के समक्ष पेश की गई है।अब इस मामले में सोमवार यानी 20 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।
चार अलग अलग याचिकाओं पर सुनवाई
गौरतलब है कि अदालत चार अलग-अलग याचिकाओं पर एक साथ विचार करेगी, जिनमें श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच की मांग की गई है। इन याचिकाओं को राजद सांसद सुधाकर सिंह, अधिवक्ता नरेंद्र कुमार गोस्वामी, अधिवक्ता अजय कुमार राय एवं दिनेश कुमार यादव तथा हिंदू धर्म परिषद ने दायर किया है।
याचिकाकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट से मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की है। साथ ही, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय लेन-देन का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) या फोरेंसिक ऑडिट कराने की भी मांग की गई है। याचिकाओं में यह भी अनुरोध किया गया है कि जांच पूरी होने तक ट्रस्ट के सभी वित्तीय रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएं और बड़े वित्तीय निर्णय लेने पर अंतरिम रोक लगाई जाए।
22 जुलाई को ट्रस्ट की भी बड़ी बैठक
वहीं, राम मंदिर में दान चोरी और गबन के मामले की जांच के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट 22 जुलाई को दूसरी बार अहम बैठक करने जा रहा है। इस बैठक में दान गबन मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) की अंतिम रिपोर्ट उपलब्ध होने पर उस पर चर्चा की जा सकती है। साथ ही ट्रस्ट की विभिन्न समितियों के पुनर्गठन सहित कई अहम प्रस्तावों पर भी विचार होगा। ट्रस्ट के महासचिव कृष्ण मोहन ने इस बैठक के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को दो चरणों में बैठक होगी। दोपहर तीन बजे राम मंदिर परिसर में विशेष बैठक आयोजित की जाएगी, जबकि शाम चार बजे नियमित ट्रस्ट बैठक ट्रस्ट अध्यक्ष नृत्य गोपाल दास के परिसर मणिराम छावनी में होगी।
खरगे और राहुल ने मोदी को पत्र लिखा
इस बीच, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने आग्रह किया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में कथित वित्तीय अनियमितताओं और राम मंदिर से चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों की तत्काल स्वतंत्र एवं व्यापक जांच कराई जाए। कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेताओं ने प्रधानमंत्री से ट्रस्ट के वित्तीय मामलों, श्रद्धालुओं से प्राप्त नकदी, सोने और चांदी समेत सभी चढ़ावों के प्रबंधन की जांच कराने तथा जांच के निष्कर्ष और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक करने का भी आग्रह किया।
