Google Chrome AI Skills: टेक जायंट गूगल ने अपने क्रोम ब्राउजर में “स्किल्स” नाम का एक नया फीचर लॉन्च किया है जो कि एक एआई फीचर है। गूगल क्रोम का यह नया एआई फीचर इंटरनेट चलाना और आसान और तेज हो जाएगा। Google का यह नया स्किल फीचर जेमिनी एआई सिस्टम पर काम करता है और इसका मकसद बार-बार किए जाने वाले ऑनलाइन कामों को सिर्फ एक क्लिक में आसान बनाना है।
ये स्किल्स फिचर क्रोम में मौजूद जेमिनी एआई असिस्टेंट के जरिए काम करते हैं। यूजर चाहें तो अपने खुद के प्रॉम्प्ट बना सकते हैं या पहले से बने ऑप्शन्स में से चुन सकते हैं। गूगल ने यूजर्स को 50 से ज्यादा तैयार स्किल्स दिए हैं, जिनसे कंटेंट की समरी निकालना, रेसिपी समझना या ऑनलाइन प्रोडक्ट्स की तुलना करना जैसे काम आसानी से किए जा सकते हैं।
इस तरह से इस्तेमाल करें स्किल फीचर
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को क्रोम में जेमिनी पैनल खोलना होगा और स्किल्स देखने के लिए (/) टाइप करना होगा। इसके बाद जो भी स्किल चुनी जाएगी, एआई खुले हुए टैब की जानकारी लेकर काम पूरा कर देगा। यूजर अपने चैट हिस्ट्री से किसी प्रॉम्प्ट को स्किल के रूप में सेव भी कर सकते हैं। एक बार सेव करने के बाद, यह उसी गूगल अकाउंट से जुड़े सभी डिवाइस पर इस्तेमाल किया जा सकता है।
गूगल के इस फीचर की सबसे बड़ी खास बात यह है कि गूगल ने इसमें कई सारे सेफ्टी फीचर्स भी दिए हैं। ब्राउजर संवेदनशील कामों को करने से पहले यूजर्स की परमीशन मांगता है जैसे ईमेल भेजना या कैलेंडर में कार्यक्रम जोड़ना।
इन कामों में मिलेगी बड़ी सहूलियत
स्किल्स फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यह समय बचाता है। अब कीमतों की तुलना करना, लंबे आर्टिकल्स छोटे समरी में बनाना या डॉक्यूमेंट से जरूरी जानकारी निकालना जैसे काम बिना बार-बार कमांड दिए तुरंत हो सकते हैं। यह फीचर एआई टूल्स का नियमित इस्तेमाल करने वालों की प्रोडक्टिविटी भी बढ़ाता है, क्योंकि मुश्किल काम अब एक क्लिक में हो जाते हैं। उदाहरण के तौर पर, यूजर एक साथ कई वेब पेज का विश्लेषण कर सकते हैं या शॉपिंग के समय अलग-अलग प्रोडक्ट्स की तुलना आसानी से देख सकते हैं।
स्किल्स फीचर अभी क्रोम के डेस्कटॉप यूज़र्स के लिए शुरू किया जा रहा है और फिलहाल यह सिर्फ अमेरिकी अंग्रेजी में काम करता है। उम्मीद है कि आने वाले महीनों में इसे और देशों और भाषाओं में भी लॉन्च किया जाएगा। इस अपडेट से साफ है कि गूगल क्रोम को एक एआई आधारित ब्राउजर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां रोजमर्रा के काम पहले से ज्यादा तेज, आसान और अपने आप होने लगेंगे।
