टेक एंड गैजेट्स

अब खेती होगी और भी आसान! केंद्र सरकार ने लॉन्च किया Bharat-VISTAAR AI प्लेटफॉर्म, खेती-बाड़ी में ऐसे मिलेगी मदद

Bharat-VISTAAR के जरिए सरकार कृषि जगत की अलग-अलग जानकारियों को एक ही प्लेटफॉर्म पर लाने का प्रयास कर रही है ताकि किसानों को सभी तरह की जानकारी और सुविधाएं एक ही जगह पर आसानी से मिल सकें।

Image

भारत विस्तार एआई प्लेटफॉर्म से देश के करोड़ों किसानों को मिलेगी सहूलियत।

केंद्र सरकार देश के किसानों को मजबूत और सशक्त बनाने के लिए तरह तरह के कदम उठा रही है। इसी बीच किसानों की सहूलियत के लिए सरकार की तरफ से एक नया प्लेटफॉर्म पेश किया गया है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस बेस्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म Bharat-VISTAAR को लॉन्च किया। यह एआई प्लेटफॉर्म देश के किसानों को कई तरह की सुविधाएं देने वाला है।

भारत-विस्तार (Virtually Integrated System to Access Agricultural Resources) किसानों को एक ही प्लेटफॉर्म पर मौसम की जानकारी, बाजार के भाव, फसल संबंधी सलाह और सरकारी योजनाओं जैसी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध कराएगा।

किसानों के लिए हेल्पलाइन का सपोर्ट

वॉयस-फर्स्ट डिजिटल साथी Bharat-VISTAAR को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह सस्ते और बेसिक फीचर फोन पर भी काम कर सके। सेवाओं की पहुंच को आसान बनाने के लिए इस एआई प्लेटफॉर्म में हेल्पलाइन 155261 नंबर भी उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा Bharat-VISTAAR में चैटबॉट्स और वेब-वेबस्ट उपकरण भी उपलब्ध हैं। सरकार भविष्य में इसका एंड्रॉयड ऐप भी लॉन्च करेगी।

Bharat-VISTAAR के जरिए सरकार कृषि जगत की अलग-अलग जानकारियों को एक प्लेटफॉर्म पर लाने का प्रयास कर रही है ताकि किसानों को सभी तरह की जानकारी और सुविधाएं एक ही जगह पर आसानी से मिल सकें।

Bharat-VISTAAR के लॉन्च कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने लॉन्च कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में कई राज्यों के किसानों ने कृषि विश्वविद्यालयों, कृषि विज्ञान केंद्रों और अन्य संस्थानों के नेटवर्क के माध्यम से वर्चुअली भाग लिया।

कई विभागों की जानकारी एक जगह पर

पहले चरण में, भारत-विस्तार को हिंदी और अंग्रेजी भाषा के साथ पेश किया गया है।शुरुआती फेज में यह महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों को कवर करेगा। यह प्लेटफॉर्म भारत मौसम विज्ञान विभाग से मौसम डेटा, अगमार्कनेट से मंडी कीमतें, राष्ट्रीय कीट निगरानी प्रणाली से कीट और रोग संबंधी अलर्ट, और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से जानकारी लेकर किसानों को पहुंचाता है।

Bharat-VISTAAR में इन योजनाओं की मिलेगी सीधी जानकारी

किसान वर्तमान में 10 प्रमुख केंद्रीय योजनाओं जैसे पीएम-किसान, पीएम फसल बीमा योजना, मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं, इसके अलावा वे लाभ की स्थिति की जांच, शिकायतें दर्ज करने और फसल तथा पशुपालन से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त करने की सुविधा भी रखते हैं।

कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार, भारत-विस्तार को 'प्लग-एंड-प्ले' मॉडल पर तैयार किया गया है। इसे किसान-केंद्रित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में बनाया गया है, जिससे केंद्र, राज्य और सहकारी संस्थाओं की प्रणालियों को आसानी से जोड़ा जा सके।

AI रोडमैप भी हुआ लॉन्च

इस प्लेटफॉर्म में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) द्वारा तैयार खेती के तरीके और मिट्टी की सेहत के आधार पर दी जाने वाली सलाह भी शामिल की गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान चौहान और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने “कृषि के लिए एआई रोडमैप” भी लॉन्च किया। साथ ही उन्होंने कृषि क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए एक एआई हैकाथन और “एग्रीकोष” नाम की नई पहल शुरू करने की घोषणा भी की।

सरकार आने वाले महीनों में इस सेवा का विस्तार अधिक राज्यों और भाषाओं में करने की योजना बना रही है। अधिकारियों के अनुसार, मई 2026 तक सभी केंद्रीय योजनाओं का एकीकरण होने की उम्मीद है, जबकि अगले चरण में तमिल, बंगाली, असमिया और कन्नड़ जैसी क्षेत्रीय भाषाओं को जोड़ा जाएगा, जिससे अंततः यह प्लेटफॉर्म देशभर में 11 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

बजट में वित्त मंत्री ने किया था ऐलान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने केंद्रीय बजट 2026-27 में इस महत्वपूर्ण योजना की घोषणा की थी। सरकार ने इसके लिए अगले वित्त वर्ष में 150 करोड़ रुपये का बजट तय किया है। यह सिस्टम IndiaAI Mission और BHASHINI ईकोसिस्टम की मदद से काम करेगा, ताकि भविष्य में इसे देश की सभी क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जा सके। फिलहाल इसकी शुरुआत हिंदी और अंग्रेजी भाषा में की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Ai Summit 2026: भारतीय सेना ने बनाए हाईटेक एआई सिस्टम, सेना के साथ-साथ आम लोगों के भी आएंगे काम

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article