OpenAI ने अपने AI वीडियो जनरेशन प्लेटफॉर्म Sora को बंद करने का ऐलान कर दिया है। कंपनी अब अपने पूरे पोर्टफोलियो में वीडियो जनरेशन सपोर्ट खत्म कर रही है, जिसमें डेवलपर API और ChatGPT भी शामिल है। कंपनी ने कर्मचारियों को “साइड प्रोजेक्ट्स” छोड़कर एंटरप्राइज प्रोडक्ट्स पर फोकस करने को कहा है।
Disney मीटिंग के तुरंत बाद लिया गया फैसला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI ने Disney के साथ मीटिंग के सिर्फ 30 मिनट बाद Sora को बंद करने का फैसला लिया। Disney ने पहले OpenAI में $1 बिलियन निवेश करने की सहमति दी थी, जिससे Sora में Marvel और Star Wars जैसे 200+ किरदार शामिल किए जा सकते थे, हालांकि इस फैसले से Disney हैरान रह गया और डील के तहत कोई पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ।
तेजी से वायरल हुआ था Sora
OpenAI ने Sora को 2024 की शुरुआत में लॉन्च किया था और सितंबर 2025 में इसे आम यूज़र्स के लिए उपलब्ध कराया गया। यह टेक्स्ट-टू-वीडियो टूल था, जो फिल्म जैसी क्वालिटी के वीडियो बना सकता था। Sora के प्रमुख बिल पेब्बल (Bill Peebles) ने कहा था कि इसकी भारी मांग के कारण कंपनी के GPU तक “ओवरलोड” हो रहे थे, जिसके चलते यूसेज लिमिट लगानी पड़ी।
क्यों बंद किया गया Sora?
रिपोर्ट्स के अनुसार, Sora को चलाने में बहुत ज्यादा कंप्यूटिंग पावर लग रही थी, जिसे OpenAI अब प्रोडक्टिविटी टूल्स में लगाना चाहता है। साथ ही, कंपनी को Anthropic से कड़ी प्रतिस्पर्धा मिल रही है, जिसका एंटरप्राइज मार्केट में बड़ा हिस्सा है।
भारी घाटे और नए निवेशकों की तलाश
OpenAI को इस साल करीब $14 बिलियन तक का नुकसान होने का अनुमान है। कंपनी नए निवेशकों को आकर्षित करने के लिए 17.5% तक रिटर्न और नए ChatGPT मॉडल्स का अर्ली एक्सेस ऑफर कर रही है। बताया जा रहा है कि Sam Altman की अगुवाई वाली कंपनी इस साल IPO लाने की भी तैयारी कर रही है।
“Super App” और नए AI सिस्टम पर काम
OpenAI अब एक “सुपर एप” पर काम कर रही है, जिसमें ChatGPT, Codex और AI ब्राउज़र Atlas को एक प्लेटफॉर्म पर जोड़ा जाएगा। इसके अलावा, कंपनी agentic AI सिस्टम्स पर भी काम कर रही है, जिसमें OpenClaw जैसे टूल्स से प्रेरणा ली जा रही है। OpenClaw के निर्माता पीटर स्टेनबर्गर (Peter Steinberger) अब OpenAI का हिस्सा बन चुके हैं।
