टेक एंड गैजेट्स

हैकर की चपेट में आए जेरोधा के मालिक, एक गलती और X अकाउंट हो गया हैक

​उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह AI-ऑटोमेटेड था और किसी खास व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया गया था। उन्होंने लिखा, “भले हम कितने भी सावधान क्यों न हों, बस एक पल की चूक सब कुछ बदल सकती है।”

Image

Nithin Kamath X account was hacked/Photo-x-Nithin Kamath

Zerodha के सह-संस्थापक और CEO नितिन कामथ ने कहा है कि उनका X (पहले ट्विटर) अकाउंट एक फिशिंग ईमेल पर क्लिक करने के बाद हैक हो गया। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह घर पर अपने डिवाइस पर ब्राउज़ करते समय उन्होंने गलती से एक ईमेल खोला जो “स्पैम और फिशिंग फिल्टर” से बचकर आ गया था। उस ईमेल में ‘Change Your Password’ लिंक था, जिस पर क्लिक कर उन्होंने अपनी डिटेल दर्ज कर दी।

कामथ ने बताया कि हैकर्स को सिर्फ एक लॉगिन सेशन की एक्सेस मिली, जिससे उन्होंने कुछ क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े स्कैम लिंक पोस्ट कर दिए। सौभाग्य से उनके अकाउंट में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) एक्टिव था, जिसके कारण हैकर्स को पूरे अकाउंट पर कंट्रोल नहीं मिल सका।

उन्होंने कहा कि यह हमला पूरी तरह AI-ऑटोमेटेड था और किसी खास व्यक्ति को निशाना नहीं बनाया गया था। उन्होंने लिखा, “भले हम कितने भी सावधान क्यों न हों, बस एक पल की चूक सब कुछ बदल सकती है।”

कामथ ने इस घटना से सबक लेते हुए साइबर सुरक्षा में मानवीय पहलुओं के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “तकनीकी सुरक्षा जैसे 2FA जरूरी हैं, लेकिन यह इंसानी भूलों से नहीं बचा सकते। संस्थानों और सरकारों को चाहिए कि वे साइबर सुरक्षा ढांचे को सिर्फ तकनीकी नहीं, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण से भी मजबूत बनाएं।”

सोशल मीडिया पर इस घटना ने लोगों का ध्यान खींचा। कई यूजर्स ने कहा कि ऐसे फिशिंग ईमेल रोजाना आ रहे हैं और X प्लेटफॉर्म पर यह समस्या और भी अधिक है। एक यूजर ने लिखा, “यह साबित करता है कि साइबर सुरक्षा सिर्फ फायरवॉल या 2FA की नहीं, बल्कि हमारी एकाग्रता की भी परीक्षा है। एक बार ध्यान भटका, तो सब कुछ उजागर हो सकता है।”

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article