टेक एंड गैजेट्स

डिज्नी के साथ विलय से पहले वायकॉम18 के बोर्ड में शामिल हुए नीता और आकाश अंबानी

Viacom18 Disney merger: बोधि ट्री में एक प्रमुख निवेशक कतर निवेश प्राधिकरण (क्यूआईए) में टेक्नोलॉजी, मीडिया और दूरसंचार के प्रमुख मोहम्मद अहमद अल-हरदान और उसके सह-प्रायोजक जेम्स मर्डोक भी पुनर्गठन के बाद बोर्ड में शामिल हो रहे हैं।

Image

Viacom18 Disney merger

Viacom18 Disney merger: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी और रिलायंस जियो इन्फोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी वायकॉम18 के निदेशक मंडल में शामिल हो गए हैं। उद्योग सूत्रों ने यह जानकारी दी। वैश्विक मीडिया दिग्गज वॉल्ट डिज्नी के भारतीय कारोबार के साथ वायकॉम18 के विलय से पहले यह बदलाव किया गया है।

वॉल्ट डिज्नी और वायकॉम18

वायकॉम18 एक होल्डिंग कंपनी है, जो अरबपति कारोबारी मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और बोधि ट्री सिस्टम्स के मीडिया और मनोरंजन कारोबार का स्वामित्व रखती है। वॉल्ट डिज्नी और वायकॉम18 के स्वामित्व वाले स्टार इंडिया के विलय को भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) और राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (एनसीएलटी) से नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है।

बोधि ट्री में एक प्रमुख निवेशक कतर निवेश प्राधिकरण (क्यूआईए) में टेक्नोलॉजी, मीडिया और दूरसंचार के प्रमुख मोहम्मद अहमद अल-हरदान और उसके सह-प्रायोजक जेम्स मर्डोक भी पुनर्गठन के बाद बोर्ड में शामिल हो रहे हैं।

इसके अलावा, आरआईएल में मीडिया और कंटेंट कारोबार की अध्यक्ष ज्योति देशपांडे और एनाग्राम पार्टनर्स में भागीदार शुवा मंडल को भी वायाकॉम18 के बोर्ड में नियुक्त किया गया है।

वायकॉम18 बोर्ड

31 मार्च तक, वायकॉम18 के छह निदेशक थे: आदिल जैनुलभाई, उदय शंकर, मधुसूदन शिवप्रसाद पांडा, राहुल जोशी, अलेक्जेंडर जे बर्केट और प्रियंका चौधरी। पैरामाउंट ग्लोबल ने वायकॉम18 में अपनी 13 प्रतिशत हिस्सेदारी आरआईएल को 4,286 करोड़ रुपये में बेच दी है, इसलिए बर्केट के बोर्ड से हटने की उम्मीद है। स्टार इंडिया के चार निदेशक थे: अतुल अग्रवाल, ऋषि कंवरजीत गैंद, गौरव बनर्जी और गुरजीव सिंह कपूर। बनर्जी अब मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के रूप में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया का नेतृत्व कर रहे हैं।

इनपुट- भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article