Apple की लेटेस्ट iPhone 17 series को लेकर एक नई समस्या सामने आई है। रिपोर्ट्स और यूजर फीडबैक के अनुसार, कुछ iPhone 17 मॉडल्स बैटरी पूरी तरह खत्म होने के बाद दोबारा ऑन नहीं हो पा रहे हैं। यह समस्या iPhone 17, iPhone 17 Pro और iPhone Air जैसे सभी मॉडल्स में देखने को मिल रही है। हालांकि, यह दिक्कत हर यूजर के साथ नहीं हो रही, लेकिन कई प्लेटफॉर्म्स पर इसकी शिकायतें सामने आई हैं।
बैटरी ड्रेन के बाद फोन नहीं हो रहा चालू
रिपोर्ट के मुताबिक, जब फोन की बैटरी पूरी तरह खत्म हो जाती है और यूजर उसे चार्जर से जोड़ता है, तब भी फोन में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलती। स्क्रीन पूरी तरह काली रहती है और न ही बैटरी का संकेत दिखता है और न ही Apple का लोगो। कुछ यूजर्स ने बताया कि 1% बैटरी तक पहुंचने के बाद ही उनका फोन “स्टोन डेड” हो गया।
चार्जिंग और रीस्टार्ट भी नहीं कर रहे काम
यूजर्स ने कई तरीके अपनाए- जैसे अलग-अलग चार्जर और केबल का इस्तेमाल, या फिर फोर्स रीस्टार्ट (वॉल्यूम बटन और पावर बटन कॉम्बिनेशन), लेकिन इससे भी समस्या हल नहीं हुई। यहां तक कि फोन को कंप्यूटर से कनेक्ट करने पर भी कोई फायदा नहीं हुआ।
संभावित कारण क्या हो सकता है?
इस समस्या का असली कारण अभी तक साफ नहीं है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह संकेत मिला है कि यह पावर इनपुट से जुड़ी समस्या हो सकती है। कुछ यूजर्स ने चार्जिंग के दौरान पावर फ्लो में उतार-चढ़ाव देखा, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि फोन सही तरीके से चार्ज नहीं ले पा रहा।
क्या हैं इसके संभावित समाधान?
कुछ यूजर्स ने इस समस्या का अस्थायी समाधान भी बताया है। सबसे कारगर तरीका यह माना जा रहा है कि फोन को MagSafe charger पर 10–15 मिनट के लिए रखा जाए। कई मामलों में इसके बाद फोन ने Apple लोगो दिखाया और सामान्य रूप से चालू हो गया। इसके अलावा, कुछ यूजर्स ने लंबे समय तक चार्जिंग पर लगाने या अलग-अलग बटन कॉम्बिनेशन ट्राय करने से भी फोन चालू होने की बात कही है।
Apple की तरफ से नहीं आया आधिकारिक बयान
फिलहाल Apple ने इस समस्या को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। ऐसे में यूजर्स के लिए यह जरूरी हो जाता है कि वे फोन की बैटरी को पूरी तरह खत्म होने से बचाएं और समय-समय पर चार्ज करते रहें।
