यदि आप सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं, खासतौर पर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर तो आपको बहुत ही सावधान रहने की जरूरत है। हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि Meta ने ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के यूजर्स के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लागू नए कानून के तहत 7.5 लाख से ज्यादा Instagram और Facebook अकाउंट हटा दिए हैं। कंपनी ने दिसंबर से जून के बीच 4.62 लाख संदिग्ध अंडर-16 Instagram अकाउंट और 2.94 लाख Facebook अकाउंट को डीएक्टिवेट किया। यह आंकड़ा जनवरी तक Meta द्वारा हटाए गए अकाउंट की संख्या के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है।
16 साल से कम उम्र के बच्चों पर सोशल मीडिया बैन
ऑस्ट्रेलिया में 10 दिसंबर से नया सोशल मीडिया आयु प्रतिबंध लागू हुआ है। इसके तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों को प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट रखने की अनुमति नहीं है। सरकार ने यह कदम बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के संभावित प्रभाव को देखते हुए उठाया है।
Meta ने इस कानून का पहले विरोध किया था, लेकिन अब कंपनी का कहना है कि वह नियमों का पालन कर रही है। ऑस्ट्रेलिया के इंटरनेट नियामक की ओर से यह जांच की जा रही है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म नाबालिग यूजर्स को अपने प्लेटफॉर्म से दूर रखने के लिए पर्याप्त कदम उठा रहे हैं या नहीं।
Meta ने कहा- कार्रवाई अभी जारी रहेगी
Meta ने कहा है कि नाबालिग यूजर्स की पहचान और उनके अकाउंट हटाने की प्रक्रिया अभी जारी है। कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में हटाए गए अकाउंट की संख्या और बढ़ सकती है। Meta ने यह भी कहा कि वह ऑस्ट्रेलियाई सरकार के उस लक्ष्य का समर्थन करती है, जिसमें युवाओं के लिए सुरक्षित और उम्र के अनुरूप ऑनलाइन अनुभव सुनिश्चित करना शामिल है।
AI से नाबालिग अकाउंट की पहचान
Meta संदिग्ध नाबालिग यूजर्स की पहचान करने के लिए AI और अन्य तकनीकों का इस्तेमाल कर रही है। कंपनी सिर्फ यूजर द्वारा दी गई जन्मतिथि पर निर्भर नहीं है। इसके सिस्टम प्रोफाइल और यूजर की गतिविधियों से जुड़े संकेतों का भी विश्लेषण करते हैं।
उदाहरण के तौर पर किसी प्रोफाइल में जन्मदिन से जुड़े पोस्ट, स्कूल की कक्षा या ग्रेड का जिक्र और दूसरे यूजर्स की ओर से की गई रिपोर्ट को संभावित संकेत के तौर पर देखा जा सकता है। कंपनी ने ऐसे उपाय भी लागू किए हैं, जिससे किसी अंडरएज अकाउंट को हटाए जाने के बाद यूजर आसानी से नया अकाउंट बनाकर प्लेटफॉर्म पर वापस न आ सके।
नियम तोड़ने पर बढ़ सकती है सजा
ऑस्ट्रेलिया में सोशल मीडिया कंपनियों पर नियमों का पालन नहीं करने की स्थिति में सख्त कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है। सरकार अधिकतम जुर्माने को बढ़ाकर करीब 99 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है। Meta, TikTok, Google और Snapchat के प्रतिनिधियों को भी इसी हफ्ते शुक्रवार को संसदीय जांच के सामने पेश होना है।
दूसरे देशों की भी नजर ऑस्ट्रेलिया के मॉडल पर
ऑस्ट्रेलिया के इस कदम को दुनिया के दूसरे देश भी करीब से देख रहे हैं। कई देशों में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर उम्र सीमा लगाने को लेकर चर्चा चल रही है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया में कार्रवाई के बावजूद सरकारी आंकड़ों और स्वतंत्र अध्ययनों से संकेत मिला है कि प्रतिबंध लागू होने के शुरुआती महीनों में 16 साल से कम उम्र के बड़ी संख्या में बच्चे सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते रहे। इससे साफ है कि नाबालिग यूजर्स को पूरी तरह सोशल मीडिया से दूर रखना प्लेटफॉर्म और सरकारों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
