टेक एंड गैजेट्स

Made by Google इवेंट आज, Pixel 11 सीरीज समेत ये बड़े डिवाइस होंगे लॉन्च, ऐसे देखें लाइव

गूगल का आज मेगा इवेंट Made by Google होने वाला है जिसमें Pixel 11 सीरीज का इंतजार खत्म हो जाएगा। साथ ही नई पिक्सल वॉच और पहला Pixel Tag भी आने वाला है।

Image

Pixel 11 सीरीज में होंगे चार मॉडल

गूगल आज अपना सालाना Made by Google 2026 इवेंट आयोजित करने जा रहा है। न्यूयॉर्क में होने वाले इस हार्डवेयर इवेंट में कंपनी अपनी नई फ्लैगशिप स्मार्टफोन सीरीज Pixel 11 पेश कर सकती है। इसके अलावा Pixel Watch 5 और गूगल का पहला ब्लूटूथ ट्रैकर Pixel Tag भी लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। इस बार का इवेंट कंपनी के हार्डवेयर पोर्टफोलियो के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

भारत में कब और कहां देखें इवेंट?

Made by Google इवेंट की शुरुआत 3pm PT पर की जाएगी। भारत में यह इवेंट 13 अगस्त को सुबह 3:30 बजे शुरू होगा। कंपनी इस लॉन्च इवेंट की लाइव स्ट्रीमिंग Google Store, अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और YouTube चैनल पर करेगी। यूजर्स इसे स्मार्टफोन, स्मार्ट टीवी या वेब ब्राउजर के जरिए भी देख सकेंगे।

Pixel 11 सीरीज में होंगे चार मॉडल

इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण Pixel 11 सीरीज हो सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गूगल इस बार भी चार मॉडल पेश कर सकता है। इनमें Pixel 11, Pixel 11 Pro, Pixel 11 Pro XL और Pixel 11 Pro Fold शामिल होने की उम्मीद है। लीक्स के अनुसार, पूरी सीरीज में गूगल का नया 2nm Tensor G6 चिपसेट दिया जा सकता है। इसके साथ सिक्योरिटी के लिए Titan M3 चिप मिलने की बात भी सामने आई है।

Pixel 11 में मिलेगा नया HiLight LED

Pixel 11 सीरीज में कंपनी एक नया HiLight LED फीचर पेश कर सकती है। इसे पहले Pixel Glow के नाम से लेकर चर्चा थी। लीक तस्वीरों के मुताबिक, यह कैमरा बार में मौजूद एक बड़े सफेद गोलाकार एलिमेंट के रूप में दिखाई दे सकता है। इसका इस्तेमाल नोटिफिकेशन लाइट के तौर पर किया जा सकता है। खास बात यह है कि फोन को स्क्रीन नीचे करके रखने पर भी यह लाइट दिखाई दे सकती है।

Pixel Watch 5 में मिल सकता है नया हार्डवेयर

गूगल के नए स्मार्टवॉच मॉडल Pixel Watch 5 के भी लॉन्च होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी पिछली पीढ़ी की तरह इसे दो अलग-अलग साइज में पेश कर सकती है। वॉच में Actua 360 LTPO AMOLED डिस्प्ले मिलने की बात कही जा रही है। इसके अलावा इसमें Qualcomm Snapdragon W5 Gen 2 चिपसेट के साथ Cortex-M55 को-प्रोसेसर और 465mAh तक की बैटरी दी जा सकती है।

AirTag को टक्कर देगा Pixel Tag

गूगल इस इवेंट में अपने पहले ब्लूटूथ ट्रैकर Pixel Tag को भी पेश कर सकता है। यह डिवाइस सीधे तौर पर Apple AirTag को टक्कर दे सकता है। लीक के मुताबिक, Pixel Tag का डिजाइन गोल और छोटे ट्रैकर जैसा हो सकता है।

इसमें बिल्ट-इन लाउडस्पीकर मिलने की उम्मीद है, जिससे आवाज के जरिए खोई हुई चीज को ढूंढना आसान होगा। यह गूगल के Find My Device नेटवर्क का इस्तेमाल कर सकता है। कीमत के मामले में भी यह Apple AirTag के आसपास हो सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article