टेक एंड गैजेट्स

आते ही छा गया iPhone 17, टूटे सारे रिकॉर्ड, ऐप्पल का मार्केटकैप 4 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंचा

विक्रेताओं और उद्योग विश्लेषकों के अनुसार, 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देते हुए, आईफोन 17 मॉडल भारत में पिछले साल की आईफोन 16 सीरीज की तुलना में अधिक लोकप्रिय हो रहे हैं। टेक दिग्गज ने भारत में त्योहारों पर अपनी सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है।

Image

photo-timesnow

आईफोन 17 सीरीज की मजबूत बिक्री के कारण, दिग्गज टेक कंपनी ऐप्पल का मार्केट कैप 4 ट्रिलियन डॉलर के करीब पहुंच गया है और यह एनवीडिया के बाद दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। ऐप्पल का शेयर आखिरी कारोबारी सत्र में 3.94 प्रतिशत की तेजी के साथ 262.24 डॉलर पर बंद हुआ, जिससे कंपनी का मार्केट कैप 3.9 ट्रिलियन डॉलर पर पहुंच गया है। फिलहाल ग्राफिक्स चिप्स बनाने वाली कंपनी एनवीडिया 4.44 ट्रिलियन डॉलर की मार्केट कैप के साथ दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी है।

आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक काउंटरपॉइंट रिसर्च के आंकड़ों से पता चला है कि आईफोन 17 सीरीज ने वैश्विक स्तर पर, खासकर चीन और अमेरिका जैसे प्रमुख बाजारों में, शुरुआती बिक्री में अपने पहले के मॉडल से बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐप्पल 30 अक्टूबर को अपनी तिमाही आय की रिपोर्ट करेगा और शेयर का अच्छा प्रदर्शन निवशकों के उत्साह को दिखाता है।

विक्रेताओं और उद्योग विश्लेषकों के अनुसार, 'मेक इन इंडिया' पहल को बढ़ावा देते हुए, आईफोन 17 मॉडल भारत में पिछले साल की आईफोन 16 सीरीज की तुलना में अधिक लोकप्रिय हो रहे हैं। टेक दिग्गज ने भारत में त्योहारों पर अपनी सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। विश्लेषकों ने आईफोन 17 सीरीज की सफलता के चलते 2025 में बिक्री में 28 प्रतिशत की सालाना वृद्धि का अनुमान लगाया है।

पिछले वित्त वर्ष में ऐप्पल की वार्षिक बिक्री लगभग 9 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी। विश्लेषकों ने बताया कि लॉन्च के पहले हफ्ते में आईफोन 17 सीरीज की बिक्री आईफोन 16 सीरीज की तुलना में 19 प्रतिशत अधिक रही। इस त्योहारी तिमाही में ऐप्पल 45 लाख शिपमेंट पार करने की राह पर है और नए आईफोन एयर के आने से नई लोकप्रियता मिलने की उम्मीद है।

आईफोन 17 (256जीबी) की शुरुआती कीमत 82,900 रुपए है, जबकि आईफोन एयर (256जीबी) की शुरुआती कीमत 1,19,900 रुपए, आईफोन 17 प्रो (256 जीबी) की शुरुआती कीमत 134,900 रुपए और आईफोन 17 प्रो मैक्स (256 जीबी) की शुरुआती कीमत 149,900 रुपए है। भारत ऐप्पल का मैन्युफैक्चरिंग केंद्र भी बनता जा रहा है, जहां अब हर पांच में से एक आईफोन का उत्पादन देश में हो रहा है।

इनपुट- आईएएनएस

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें
End of Article