इंटरनेट इस्तेमाल करते समय कई बार ऐसा होता है कि आप किसी वेबसाइट को छोड़कर पिछली पेज पर जाना चाहते हैं, लेकिन “Back” बटन दबाते ही वही पेज फिर से रीलोड हो जाता है। बार-बार कोशिश करने पर भी आप पीछे नहीं जा पाते। इस तकनीक को “Back Button Hijacking” कहा जाता है, जो यूजर्स को जबरदस्ती उसी वेबसाइट पर रोके रखने के लिए इस्तेमाल की जाती है।
कैसे काम करती है यह ट्रिक
Back Button Hijacking एक आक्रामक तरीका है, जिसके जरिए वेबसाइट्स यूजर्स के ब्राउजिंग कंट्रोल को अपने हाथ में ले लेती हैं। इससे यूजर को या तो उसी पेज पर रोका जाता है या किसी दूसरे पेज पर रीडायरेक्ट किया जाता है, या फिर ऐसे विज्ञापन दिखाए जाते हैं जो वह सामान्य तौर पर नहीं देखता। यह तरीका वेबसाइट्स के ट्रैफिक और सेशन बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
Google ने इसे बताया ‘स्पैम’ और खतरनाक प्रैक्टिस
गूगल ने अब इस समस्या पर कड़ा रुख अपनाया है। कंपनी ने अपने Google Search Central Blog में साफ कहा है कि Back Button Hijacking उसकी स्पैम पॉलिसी के “malicious practices” सेक्शन का उल्लंघन है। गूगल के मुताबिक, यह तकनीक यूजर्स की उम्मीदों और असल अनुभव के बीच अंतर पैदा करती है, जिससे उन्हें धोखा महसूस होता है और उनका ऑनलाइन अनुभव खराब होता है।
यूजर्स के भरोसे पर पड़ता है असर
गूगल का मानना है कि इस तरह की हरकतों से यूजर्स को लगता है कि उन्हें जानबूझकर भ्रमित किया जा रहा है। इससे वे नई या अनजान वेबसाइट्स पर जाने से कतराने लगते हैं। कुल मिलाकर, यह प्रैक्टिस इंटरनेट के अनुभव को खराब करती है और यूजर्स के भरोसे को कमजोर करती है।
नियम तोड़ने पर वेबसाइट्स को होगी सजा
गूगल ने वेबसाइट मालिकों को चेतावनी दी है कि अगर उनकी साइट पर Back Button Hijacking पाई जाती है, तो उस पर “manual spam action” लिया जा सकता है। इसका मतलब है कि वेबसाइट को अपनी गलती सुधारनी होगी और फिर गूगल से रीव्यू के लिए अनुरोध करना होगा। इसके अलावा, ऐसी साइट्स की रैंकिंग भी अपने आप नीचे गिराई जा सकती है।
वेबसाइट मालिकों को क्या करना होगा
गूगल ने साफ निर्देश दिए हैं कि सभी वेबसाइट ओनर्स अपनी साइट की जांच करें और ऐसे किसी भी कोड, स्क्रिप्ट या सेटिंग को हटाएं जो Back Button Hijacking को बढ़ावा देती है। भले ही यह कोड किसी थर्ड-पार्टी एड प्लेटफॉर्म या लाइब्रेरी से आया हो, उसे हटाना जरूरी होगा।
कब से लागू होंगे नए नियम
फिलहाल गूगल ने वेबसाइट्स को सुधार के लिए दो महीने का समय दिया है। इसके बाद 15 जून से Back Button Hijacking पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी जाएगी। इस तारीख के बाद नियम तोड़ने वाली साइट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
