Google Search का AI आधारित फीचर “AI Overviews” एक अजीब तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब यूजर्स ने “Disregard”, “Stop”, “Ignore” और “Forget” जैसे शब्द सर्च किए, तो AI Overviews ने सामान्य जानकारी दिखाने की बजाय उन्हें कमांड समझ लिया। इस वजह से कई यूजर्स को सर्च रिजल्ट्स की जगह खाली स्क्रीन दिखाई देने लगी।
कमांड समझ बैठा AI सिस्टम
बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के अनुसार, AI Overviews ने कुछ शब्दों को सामान्य सर्च क्वेरी की बजाय निर्देश के रूप में लिया। उदाहरण के तौर पर, जब यूजर्स ने “Disregard” शब्द सर्च किया, तो AI ने जवाब दिया, “Understood. Let me know whenever you have a new prompt or question.” यानी जिस जगह शब्द का अर्थ या उससे जुड़ी जानकारी दिखनी चाहिए थी, वहां AI चैटबॉट की तरह प्रतिक्रिया देने लगा। इसी तरह “Stop”, “Quit”, “Look” और “Ignore” जैसे शब्दों पर भी समान समस्या देखने को मिली।
सर्च रिजल्ट्स की जगह दिखा खाली स्पेस
AI Overviews का उद्देश्य यूजर्स को सर्च बॉक्स के नीचे एक खास सेक्शन में संक्षिप्त और उपयोगी जानकारी देना है। लेकिन इस गड़बड़ी के दौरान कई मामलों में यूजर्स को एक बड़ा खाली स्पेस दिखाई दिया, जिसे स्क्रॉल करने के बाद ही सामान्य सर्च रिजल्ट्स नजर आ रहे थे। तकनीकी एक्सपर्ट का मानना है कि यह समस्या कोडिंग के कुछ “edge cases” की वजह से हो सकती है, जो डेवलपर्स की नजर से बच गए।
नए AI Search अपडेट के बाद सामने आई समस्या
यह गड़बड़ी ऐसे समय सामने आई जब Google ने हाल ही में अपने AI फीचर से लैस नए Search अनुभव की घोषणा की थी। माना जा रहा है कि Search के नए डिजाइन और AI इंटीग्रेशन के दौरान यह तकनीकी समस्या पैदा हुई हो सकती है, हालांकि यह साफ नहीं है कि यह बग पहले से मौजूद था या हाल ही में सिस्टम में आया, लेकिन अब तक यह यूजर्स की नजर में नहीं आया था।
Google ने माना और जल्द किया फिक्स
रिपोर्ट्स के बाद Google के प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी इस समस्या से वाकिफ है और AI Overviews कुछ action-related queries को गलत तरीके से समझ रहा था। कंपनी ने भरोसा दिलाया कि इसका समाधान जल्द जारी किया जाएगा। ताजा अपडेट के मुताबिक अब यह समस्या ठीक कर दी गई है और AI Overviews सामान्य तरीके से रिजल्ट दिखा रहा है।
