बारिश के मौसम में अक्सर कई बार बिजली गिरने और तूफान आने की घटनाएं सामने आती है। बिजली गिरने से अक्सर जान माल की बड़ी हानी होती है। अगर कोई व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाए तो उसकी जान तक जा सकती है। फिलहाल उत्तर भारत में इस समय सर्दियों का मौसम है और इस समय कोहरा भी जमकर हो रहा है। इस मौसम में बिजली गिरने की घटनाएं कम होती हैं। लेकिन, दक्षिण भारत और दूसरे क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से अलग है। इन क्षेत्रों में दिसंबर के महीने में भारी बारिश होती है और कई बार बिजली भी गिरती है। अगर आप ऐसे किसी क्षेत्र में रहते हैं जहां पर अक्सर बिजली गिरने की घटनाएं होती हैं तो अब आप इससे आसानी से बच सकते हैं।
वैसे तो बिजली गिरना और तूफान आना एक प्राकृतिक आपदा है जिसे रोका नहीं जा सकता। लेकिन अगर ऐसी किसी घटना का पू्र्वानुमान लग जाए तो इससे होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग की तरफ से दामिनी ऐप पर एक कमाल का फीचर जोड़ा गया है जो इस तरह के खतरे के बारे में लोगों को पहले ही अलर्ट कर देगा।
IMD का ये ऐप देगा अलर्ट
आपको बात दें कि भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मौसम से संबंधी जानकारी और अलर्ट देने के लिए DAMINI नाम का मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप को Indian Institute of Tropical Meteorology (IITM) ने डेवलप किया है। IMD के इस ऐप की सबसे बड़ी खास बात यह है कि यह लोगों को मौसम संबंधी अलर्ट रियल टाइम में देता है। मतलब अगर आपको मौसम से संबंधिक किसी भी तरह का खतरा है तो यह ऐप आपको तुरंत अलर्ट कर देगा।
DAMINI App के लेटेस्ट अपडेट के बाद अब इसमें यूजर्स को तूफान आने या फिर बिजली गिरने का रियल टाइम अलर्ट मिलता है। मतलब अगर आप के क्षेत्र में बिजली गिरने वाली है तो यह ऐप आपको उसकी जानकारी पहले ही दे देगा जिससे आप किसी सेफ जगह में शिफ्ट हो सकते हैं और साथ ही इससे होने वाले नुकसान को कम कर सकते हैं। दामिनी ऐप में यूजर्स को कई तरह के अलर्ट मिलते हैं।
- इसमें आपको बिजली गिरने की सही लोकेशन
- लगभग 40 वर्ग किलोमीटर में बिजली गिरने की संभावना
- तूफान की रफ्तार और उसकी दिशा का अलर्ट
- बिजली गिरने पर उससे बचाव के जरूरी सुरक्षा टिप्स
CAP देता है आपातकालीन अलर्ट
आपको बता दें कि नागिरकों की सुरक्षा और सिक्योरिटी के लिए National Disaster Management Authority (NDMA) की तरफ से Common Alert Protocol (CAP) भी तैयार किया गया है। यह एक ऐसा सिस्टम है जिसमें किसी भी तरह की आपातकालीन अलर्ट तुरंत जनता तक पहुंचती है। इन डिजिटल टूल्स का नागिरिकों के जीवन पर सीधा असर पड़ता है। रियल टाइम अलर्ट पाकर लोग समय पर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा कर पाते हैं।
