अगर आप एप्पल एयरपॉड्स या फिर कोई और प्रोडक्ट खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपके लिए काम की खबर है। एप्पल ने खास डिजाइन वाले नए एयरपॉड्स लॉन्च कर दिए हैं। Apple ने भारत में फेस्टिव सीजन के मौके पर अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए नए ऑफर्स पेश किए हैं। इस बार कंपनी ने खास रंगोली डिजाइन वाले Special Edition AirPods भी लॉन्च किए हैं। इसके साथ ही, ग्राहकों को चुनिंदा iPhone, MacBook, iPad और Apple Watch खरीदने पर कई तरह के फायदे मिलेंगे। कुछ डिवाइस पर 15,000 रुपये तक का इंस्टेंट कैशबैक और आसान किस्तों में पेमेंट करने का विकल्प भी दिया जा रहा है।
ऐसे में अगर आप Apple का कोई नया प्रोडक्ट खरीदने वाले हैं तो अब आप फेस्टिव सीजन में भारी भरकम बचत कर पाएंगे। आइए आपको नए एयरपॉड्स की कीमत और प्रोडक्ट पर मिलने वाले फेस्टिव ऑफर्स के बारे में बताते हैं।
रंगोली डिजाइन वाले AirPods की कीमत
Apple के नए Special Edition AirPods की सबसे खास बात इनका चार्जिंग केस है। इस पर भारतीय रंगोली कला से प्रेरित डिजाइन दिया गया है, जो इन्हें बाकी AirPods से अलग बनाता है। इन खास AirPods की कीमत 17,900 रुपये रखी गई है। ग्राहक इन्हें Apple की वेबसाइट, Apple Store ऐप और देश के चुनिंदा रिटेल स्टोर से खरीद सकते हैं।
इन Apple Store पर मिलेंगे नए AirPods
कंपनी ने इन खास AirPods को खरीदने के लिए देश के छह स्टोर चुने हैं। इनमें मुंबई के Apple BKC और Apple Borivali, दिल्ली-NCR के Apple Saket और Apple Noida, बेंगलुरु के Apple Hebbal और पुणे के Apple Koregaon Park स्टोर शामिल हैं। ग्राहक चाहें तो ऑनलाइन ऑर्डर करके भी इन्हें खरीद सकते हैं। हालांकि, ये सीमित संख्या में उपलब्ध हैं, इसलिए खरीदने से पहले उपलब्धता की जानकारी लेना बेहतर रहेगा।
कब तक मिलेंगे फेस्टिव ऑफर्स?
Apple के फेस्टिव ऑफर्स 11 अक्टूबर से 11 नवंबर तक चलेंगे। इस दौरान चुनिंदा iPhone, Mac कंप्यूटर और iPad खरीदने वाले ग्राहकों को 12 महीने तक No Cost EMI की सुविधा मिल सकती है। इससे ग्राहक एक साथ पूरी रकम देने के बजाय आसान किस्तों में पेमेंट कर सकेंगे।
इसके अलावा, कुछ डिवाइस पर पात्र बैंक कार्ड से भुगतान करने पर ₹15,000 तक का इंस्टेंट कैशबैक भी मिलेगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह ऑफर सभी प्रोडक्ट पर लागू नहीं होगा। कैशबैक की रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि ग्राहक कौन-सा डिवाइस खरीद रहा है और पेमेंट के लिए किस बैंक कार्ड का इस्तेमाल कर रहा है।
Apple Watch और एक्सेसरीज पर भी छूट
फेस्टिव ऑफर्स में सिर्फ iPhone और MacBook ही नहीं, बल्कि चुनिंदा Apple Watch, AirPods और दूसरी एक्सेसरीज भी शामिल हैं। इन प्रोडक्ट्स को खरीदने पर छह महीने तक No Cost EMI का विकल्प मिल सकता है। इस तरह ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से Apple का डिवाइस खरीद सकते हैं और पेमेंट को आसान किस्तों में बांट सकते हैं। हालांकि, EMI और कैशबैक का फायदा संबंधित प्रोडक्ट और बैंक की शर्तों के अनुसार मिलेगा।
Apple सिखाएगा डिजिटल रंगोली बनाना
फेस्टिव सीजन को खास बनाने के लिए Apple ने रंगोली से जुड़ा एक मुफ्त क्रिएटिव सेशन भी शुरू किया है। इसमें लोगों को iPad और Apple Pencil की मदद से डिजिटल रंगोली बनाना सिखाया जाएगा। इस सेशन को आर्टिस्ट अरुषि कातुरिया के साथ मिलकर तैयार किया गया है। यह सेशन 14 अक्टूबर से 9 नवंबर तक चलेगा। इसमें हिस्सा लेने वाले लोग डिजिटल तरीके से रंगोली डिजाइन बनाना सीख सकेंगे और अपनी पसंद के रंगों व पैटर्न के साथ नए प्रयोग कर सकेंगे।
Procreate ऐप से बना सकेंगे रंग-बिरंगी रंगोली
इस खास सेशन में लोग Procreate ऐप की मदद से डिजिटल रंगोली तैयार करना सीखेंगे। इसके लिए अलग-अलग रंगों, टेक्सचर और पारंपरिक भारतीय डिजाइनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। रंगोली बनाने का अनुभव बेहतर करने के लिए एक खास पाउडर ब्रश भी तैयार किया गया है। जो लोग इस सेशन में हिस्सा लेना चाहते हैं, वे Apple Store पर इसकी जानकारी ले सकते हैं। ऑनलाइन माध्यम से भी सेशन से जुड़ी जानकारी हासिल की जा सकती है।
