टेक एंड गैजेट्स

Amazon को पिछले साल से ज्यादा त्योहारी मांग की उम्मीद, कहा- दीर्घकालिक अवसर है भारत

Amazon festival Sale: सिंह ने कहा, ‘‘यह दीर्घकालिक और बेहद बड़ा अवसर है...इसे एक अरब लोगों के नजरिये से देखें, एक ऐसी अर्थव्यवस्था के साथ जो बहुत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि अमेजन इंडिया आने वाले त्योहारों से पहले अपने ‘लॉजिस्टिक्स नेटवर्क’ और पूर्ति केंद्रों के सिस्टम को भी मजबूत कर रही है।

Image

Amazon Great Indian Festival 2024

Amazon festival Sale: ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया ने आगामी त्योहारी सीजन के लिए कमर कस ली है और उसे उम्मीद है कि इस वर्ष मांग पिछले साल से अधिक रहेगी। कंपनी के उपाध्यक्ष अभिनव सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में भारत में ‘‘दीर्घकालिक’’ अवसरों पर बात की और कहा कि अमेजन अन्य ई-कॉमर्स कंपनियों तथा त्वरित वाणिज्य क्षेत्र में उभरती कंपनियों से प्रतिस्पर्धा को किस प्रकार देखती है।

उन्होंने ‘‘भारी छूट’’ के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि एक बाजार के रूप में अमेजन मूल्य निर्धारण को नियंत्रित नहीं करती है। यह उसके प्लेटफार्म पर विक्रेताओं का विशेषाधिकार है। हालांकि, सिंह ने भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) द्वारा की गई प्रतिस्पर्धा-रोधी जांच पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन जोर देकर कहा कि अमेजन कानूनों का पूरी तरह से पालन करती है।

भारत दीर्घकालिक और बेहद बड़ा अवसर है

उन्होंने कहा कि कंपनी भारत को एक ‘‘दीर्घकालिक अवसर’’ की तरह देखती है, जिसमें ‘‘बड़ी’’ संभावनाएं हैं और यह एक ऐसा स्थान है जहां वह एक बड़ा कारोबार बनाने, लाखों विक्रेताओं को डिजिटल रूप से जोड़ने, बड़ी संख्या में ग्राहकों की सेवा करने तथा उद्यमियों का एक बड़ा सिस्टम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिंह ने कहा, ‘‘यह दीर्घकालिक और बेहद बड़ा अवसर है...इसे एक अरब लोगों के नजरिये से देखें, एक ऐसी अर्थव्यवस्था के साथ जो बहुत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रही है। इसलिए उस नजरिये से भारत के लिए बहुत कुछ हो रहा है...यह एक भारतीय के रूप में मेरे लिए बेहद आशावादी बात है और यह मुझे यहां काम करने, डिजिटल बुनियादी ढांचे को बदलने में मदद करने तथा सरकार के डिजिटल इंडिया मिशन में योगदान देने के लिए वास्तव में उत्साहित करता है।’’

उन्होंने कहा कि अमेजन इंडिया आने वाले त्योहारों से पहले अपने ‘लॉजिस्टिक्स नेटवर्क’ और पूर्ति केंद्रों के सिस्टम को भी मजबूत कर रही है। बुनियादी ढांचे तथा क्षमता निर्माण का विस्तार करने का उद्देश्य आपूर्ति की गति में तेजी लाना है...। अमेजन ने हाल ही में घोषणा की है कि उसने आगामी त्योहारों के लिए ग्राहकों की बढ़ती मांग को पूरा करने को अपने ऑपरेटिंग सिस्टम में 1,10,000 से अधिक नौकरियों (मौसमी) के अवसर सृजित किए हैं। इनमें मुंबई, दिल्ली, पुणे, बंगलुरू, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ और चेन्नई जैसे शहरों में प्रत्यक्ष तथा अप्रत्यक्ष नौकरियां शामिल हैं।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article