टेक एंड गैजेट्स

8GB RAM या 12GB RAM, आपको किसकी जरूरत है? खरीदने से पहले समझें और बचत करें

केवल ज्यादा RAM के नाम पर अतिरिक्त पैसे खर्च करना हर किसी के लिए समझदारी नहीं है। फोन खरीदते समय RAM के साथ-साथ प्रोसेसर, स्टोरेज टाइप (UFS), बैटरी, डिस्प्ले और सॉफ्टवेयर अपडेट जैसी चीजों पर भी ध्यान दें।

Image

8GB RAM या 12GB RAM, आपको किसकी जरूरत है?

नया स्मार्टफोन खरीदते समय ज्यादातर लोग सबसे पहले कैमरा, प्रोसेसर और बैटरी पर ध्यान देते हैं, लेकिन जब बात RAM की आती है, तो लोग परेशान हो जाते हैं। अक्सर सवाल होता है कि 8GB RAM वाला फोन लें या 12GB RAM वाला? कई लोग यह सोचकर ज्यादा RAM खरीद लेते हैं कि फोन ज्यादा तेज चलेगा, जबकि हर यूजर के लिए 12GB RAM जरूरी नहीं होती। अगर आप अपनी जरूरत समझकर फोन चुनते हैं, तो हजारों रुपये की बचत कर सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे..

RAM क्या होती है और इसका काम क्या है?

RAM (Random Access Memory) वह मेमोरी होती है, जिसमें फोन चलने के दौरान ऐप्स और सिस्टम का डेटा अस्थायी रूप से स्टोर होता है। जितनी ज्यादा RAM होगी, फोन उतने अधिक ऐप्स को एक साथ खुला रख सकता है और मल्टीटास्किंग बेहतर तरीके से कर सकता है, हालांकि केवल RAM ज्यादा होने से ही फोन तेज नहीं हो जाता। प्रोसेसर, स्टोरेज और सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन भी उतने ही महत्वपूर्ण होते हैं।

किन लोगों के लिए 8GB RAM है पर्याप्त?

अगर आप स्मार्टफोन का इस्तेमाल सोशल मीडिया, WhatsApp, YouTube, वेब ब्राउजिंग, ऑनलाइन क्लास, वीडियो कॉल, UPI पेमेंट और सामान्य गेमिंग के लिए करते हैं, तो 8GB RAM आपके लिए पूरी तरह पर्याप्त है। आज के अधिकांश Android स्मार्टफोन में 8GB RAM के साथ बेहतरीन परफॉर्मेंस मिल जाती है और रोजमर्रा के कामों में किसी तरह की दिक्कत नहीं होती।

कब लेनी चाहिए 12GB RAM?

यदि आप हैवी गेमिंग करते हैं, 4K वीडियो एडिटिंग करते हैं, बड़े-बड़े ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं या एक साथ कई ऐप्स लगातार चलाते हैं, तो 12GB RAM आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकती है। कंटेंट क्रिएटर्स, प्रोफेशनल यूजर्स और पावर यूजर्स को अतिरिक्त RAM का फायदा मिलता है, क्योंकि इससे मल्टीटास्किंग अधिक स्मूद रहती है।

क्या ज्यादा RAM होने से फोन हमेशा तेज चलता है?

इसका जवाब नहीं है। अगर फोन में कमजोर प्रोसेसर, धीमी स्टोरेज या खराब सॉफ्टवेयर ऑप्टिमाइजेशन है, तो 12GB RAM भी खास फायदा नहीं दे पाएगी। वहीं, एक अच्छे प्रोसेसर और तेज UFS स्टोरेज वाला 8GB RAM फोन कई बार 12GB RAM वाले सामान्य फोन से बेहतर प्रदर्शन करता है।

वर्चुअल RAM को लेकर भी जान लें सच्चाई

आजकल कई कंपनियां Virtual RAM या RAM Expansion का फीचर देती हैं। इसमें फोन की स्टोरेज का कुछ हिस्सा RAM की तरह इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, यह असली (Physical) RAM जितनी तेज नहीं होती। इसलिए केवल वर्चुअल RAM के बड़े आंकड़ों को देखकर फोन खरीदने का फैसला नहीं करना चाहिए।

किसे कौन-सा विकल्प चुनना चाहिए?

8GB RAM चुनें, यदि आप सामान्य यूजर हैं और रोजमर्रा के काम, सोशल मीडिया, वीडियो स्ट्रीमिंग और सामान्य गेमिंग करते हैं। 12GB RAM चुनें, यदि आप हाई-एंड गेमिंग, वीडियो एडिटिंग, प्रोफेशनल ऐप्स या लंबे समय तक हैवी मल्टीटास्किंग करते हैं।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article