टेक एंड गैजेट्स

रिचार्ज महंगे करने से Jio-Airtel-VI को नुकसान, BSNL ने किया टॉप

Jio-Airtel-VI Recharge Price Hike: रिपोर्ट के अनुसार, बीएसएनएल ने जुलाई में 29.4 लाख से अधिक मोबाइल उपभोक्ता जोड़े। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल ने 16.9 लाख मोबाइल ग्राहक खो दिए, जो अन्य कंपनियों के मुकाबले सबसे अधिक है। वोडाफोन आइडिया (वीआई) और रिलायंस जियो ने क्रमशः 14.1 लाख और 7.58 लाख मोबाइल ग्राहक खोए।

Image

Recharge Price Hike

Jio-Airtel-VI Recharge Price Hike: मोबाइल प्लान की कीमतों में बढ़ोत्तरी का असर जुलाई में स्पष्ट दिखाई दिया। रिलायंस जियो, भारती एयरटेल, वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या घटी है। इसके परिणामस्वरूप देश में दूरसंचार ग्राहकों की कुल संख्या में गिरावट आई। बता दें कि रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने जुलाई के पहले सप्ताह में अपनी मोबाइल सर्विस की कीमत दरों में 10-27 प्रतिशत की वृद्धि की थी।

जुलाई में BSNL टॉप पर

एयरटेल और वोडाफोन आइडिया ने पिछले दो-तीन साल में अपने शुरुआती स्तर की मोबाइल दरों को दोगुना से अधिक बढ़ाकर 199 रुपये कर दिया है। इसकी वैधता 28 दिन की है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) की शुक्रवार को जारी मासिक ग्राहक रिपोर्ट के अनुसार, सार्वजनिक क्षेत्र की भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) एकमात्र ऐसी कंपनी थी जिसने पिछले महीने नए ग्राहक जोड़े और नए शुद्ध ग्राहक जोड़ने के मामले में बाजार की अगुवाई की।

रिपोर्ट के अनुसार, बीएसएनएल ने जुलाई में 29.4 लाख से अधिक मोबाइल उपभोक्ता जोड़े। दूसरी तरफ, भारती एयरटेल ने 16.9 लाख मोबाइल ग्राहक खो दिए, जो अन्य कंपनियों के मुकाबले सबसे अधिक है। वोडाफोन आइडिया (वीआई) और रिलायंस जियो ने क्रमशः 14.1 लाख और 7.58 लाख मोबाइल ग्राहक खोए।

मोबाइल ग्राहक में गिरावट

कुल मिलाकर, देश में दूरसंचार ग्राहक आधार जुलाई में मामूली रूप से घटकर 120 करोड़ 51.7 लाख रह गया। यह जून में 120 करोड़ 56.4 लाख था। मोबाइल सेवाओं की दरों में बढ़ोतरी के बाद पूर्वोत्तर, महाराष्ट्र, राजस्थान, मुंबई, कोलकाता, तमिलनाडु, पंजाब, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, आंध्र प्रदेश दूरसंचार सर्किलों में मोबाइल ग्राहक आधार में गिरावट दर्ज की गई।

वायरलाइन या फिक्स्ड लाइन कनेक्शन खंड में ग्राहकों की संख्या जुलाई में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि के साथ तीन करोड़ 55.6 लाख हो गई। जून में यह तीन करोड़ 51.1 लाख थी। रिलायंस जियो 4.80 लाख से अधिक नए ग्राहक जोड़कर फिक्स्ड लाइन खंड में सबसे आगे रही। भारती एयरटेल ने 1.36 लाख से अधिक नए ग्राहक जोड़े, वीएमआईपीएल ने 12,413, वोडाफोन आइडिया ने 11,375, टाटा टेलीसर्विसेज ने 3,971 और क्वाड्रेंट ने 12 नए फिक्स्ड लाइन ग्राहक जोड़े।

जून में बीएसएनएल को हुआ था नुकसान

इस खंड में बीएसएनएल को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ। इस सरकारी कंपनी ने 1.34 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक खोए और इसकी सहयोगी कंपनी ने 56,454 ग्राहक खो दिए। देश में ब्रॉडबैंड ग्राहक आधार जुलाई में बढ़कर 94 करोड़ 61.9 लाख हो गया। जून में यह 94 करोड़ 7.5 लाख था। देश में कुल ब्रॉडबैंड कनेक्शन में शीर्ष पांच कंपनियों का योगदान 98.42 प्रतिशत है।

इनपुट-भाषा

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article