स्पोर्ट्स

Women's Hockey Asia Cup 2025: भारत ने सुपर फोर राउंड के मुकाबले में कोरिया को दी मात

भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन में चल रहे एशिया कप में दक्षिण कोरिया को सुपर फोर राउंड के मैच में 4-2 के अंतर से मात दी।

Image

भारत बनाम कोरिया (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

हांगझोउ (चीन): भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए बुधवार को एशिया कप के सुपर चार चरण के अपने पहले मैच में कोरिया को 4-2 से हराया। पूल बी में सात अंक के साथ शीर्ष पर रहे भारत के लिए वैष्णवी विठ्ठल फाल्के (दूसरे मिनट), संगीता कुमारी (33वें मिनट), लालरेमसियामी (40वें मिनट) और रुतुजा ददासो पिसल (59वें मिनट) ने गोल दागे। कोरिया की ओर से दोनों गोल यूजिन किम (33वें और 53वें मिनट) ने किए। भारत अपने अगले मैच में गुरुवार को चीन से भिड़ेगा।

सविता पूनिया की अनुपस्थिति में गोलकीपर की भूमिका निभा रही बिचू देवी खारीबाम भारत के लिए नंबर एक विकल्प रही हैं। बांसुरी सोलंकी को थाईलैंड और सिंगापुर के खिलाफ मौका मिला लेकिन बिचू देवी ने जापान के खिलाफ चारों क्वार्टर खेले और आगे भी बड़े मुकाबलों में यही स्थिति हो सकती है। भारत को शुरुआत में ही पेनल्टी कॉर्नर मिला और वैष्णवी ने उदिता के शॉट को कोरियाई गोलकीपर द्वारा रोके जाने के बाद रिबाउंड पर गोल दागा। कोरिया के असफल रिव्यू के बाद भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन टीम गोल करने से चूक गई। इसके बाद कोरिया को भी कई पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वे इन मौकों का फायदा नहीं उठा पाए।

कोरिया को पहले क्वार्टर के अंत में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन बिचू देवी ने शानदार बचाव करते हुए भारत की बढ़त बरकरार रखी।बाइसवें मिनट में मुमताज की रिवर्स हिट को कोरियाई गोलकीपर ने रोक दिया। मध्यांतर तक भारत 1-0 से आगे था। मध्यांतर के बाद खेल शुरू होते ही संगीता के मैदानी गोल से भारत ने बढ़त दोगुनी कर दी। भारत की खुशी हालांकि ज्यादा देर तक नहीं टिक पाई क्योंकि कोरिया ने किम के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल से खाता खोला।

लालरेमसियामी ने 40वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत की बढ़त 3-1 कर दी। उन्होंने अंतिम क्वार्टर में भी लगातार विरोधी टीम के सर्कल में घुसकर गेंद पर कब्जा बनाए रखा। कोरिया ने 53वें मिनट में किम के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे गोल से स्कोर 2-3 किया लेकिन 59वें मिनट में रुतुजा ने रिबाउंड पर गोल करके भारत की 4-2 से जीत सुनिश्चित की।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article