स्पोर्ट्स

Wimbledon 2024: कार्लोस अल्कारेज लगातार दूसरी बार बने विंबलडन चैंपियन, फाइनल में नोवाक जोकोविच को दी मात

कार्लोस अल्कारेज ने सात बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच को विंबलडन 2024 के फाइनल में लगातार तीन सेट में मात देकर लगातार दूसरी बार विंबलडन का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया।

Image

कार्लोस अल्कारेज

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • कार्लोस अल्कारेज ने जाता विंबलडन 2024 का पुरुष एकल खिताब
  • नोवाक जोकोविच को दी लगातार तीन सेट में मात
  • 21 साल की उम्र में जीता चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब

लंदन: स्पेन के युवा टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज ने सात बार के विंबलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच को खिताबी मुकाबले में मात देकर विंबलडन 2024 का पुरुष एकल खिताब अपने नाम कर लिया है। डिफेंडिंग चैंपियन अल्कारेज ने जोकोविच को कोई मौका नहीं दिया और लगातार तीन सेट में 6-2, 6-2, 7-6( 7-4)से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। दुनिया के नंबर तीन प्लेयर अल्कारेज ने पहले दो सेट बेहद आसानी से अपने नाम कर लिए। तीसरे सेट में जोकोविच ने वापसी की कोशिश की और मैच को 6-6 की बराबरी के बाद टाई ब्रेकर तक ले गए। लेकिन अंत में जीत अल्कारेज के हाथ लगी। साल 2023 के फाइनल में भी अल्कारेज ने फाइनल में जोकोविच को मात दी थी। ओपन इरा में अपना विंबलडन खिताब बचाने वाले अल्कारेज नौवें खिलाड़ी बने हैं।

पिछली बार फाइनल में जोकोविच को मात देने के लिए पांच सेट तक चले मुकाबले में चार घंटे से ज्यादा वक्त तक पसीना बहाया था। लेकिन इस बार 2 घंटे 27 मिनट में ही खिताब अपने नाम कर लिया। दसवीं बार विंबलडन फाइनल में पहुंचे जोकोविच को तीसरी बार हार का मुंह देखना पड़ा है।

लगातार दूसरी बार जीता विंबलडन खिताब

21 वर्षीय अल्कारेज के करियर का यह चौथा और साल का दूसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। अल्कारेज ओपन इरा में एक ही साल में फ्रेंच ओपन के बाद विंबलडन का खिताब अपने नाम करने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने नोवाक जोकोविच, रोजर फेडरर, राफेल नडाल,ब्रोजेन बर्गर और रॉड लावेर जैसे दिग्गजों वाले स्पेशल क्लब में खिताबी जीत के साथ एंट्री कर ली है।

फिर टूटा जोकोविच के 25वें खिताब का सपना

37 वर्षीय नोवाक जोकोविच के 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का ख्वाब अल्कारेज ने तोड़ दिया। दुनिया का कोई भी खिलाड़ी (महिला या पुरुष) अबतक 25 ग्रैंड स्लैम खिताब नहीं जीत सका है। एक बार फिर इस उपलब्धि के करीब आकर भी उसे हासिल करने से जोकोविच दूर रह गए।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article