स्पोर्ट्स

टेनिस कोर्ट पर लौटने के लिए तैयार वीनस विलियम्स, चाहती हैं बहन सेरेना भी करें वापसी

Venus Williams On Her Comeback: वीनस विलियम्स एक साल से अधिक समय के बाद पहली बार टेनिस कोर्ट पर लौटने के लिए तैयार हैं और उनकी दिली इच्छा है कि उनकी छोटी बहन सेरेना भी वापसी करें। वीनस डीसी ओपन से टेनिस कोर्ट पर वापसी करेंगी। दूसरी तरफ सेरेना का हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह रैकेट घुमाती दिख रही हैं।

Image

वीनस विलियम्स

Photo : AP

वीनस विलियम्स एक साल से अधिक समय के बाद पहली बार टेनिस कोर्ट पर लौटने के लिए तैयार हैं और उनकी दिली इच्छा है कि उनकी छोटी बहन सेरेना भी वापसी करें। वीनस डीसी ओपन से टेनिस कोर्ट पर वापसी करेंगी। दूसरी तरफ सेरेना का हाल में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वह रैकेट घुमाती दिख रही हैं।

वीनस से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "मैं अपनी टीम से कहती रहती हूं कि अगर वह यहां होती तो बहुत अच्छा होता। हमने शुरू से काफी कुछ साथ में किया है और इसलिए मुझे निश्चित तौर पर उसकी कमी खलती है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "लेकिन अगर वह वापसी करती है तो मुझे पूरा विश्वास है कि वह इस बारे में आप सबको अवगत कर देगी।"

सेरेना 43 वर्ष की है और उन्होंने 2022 में अमेरिकी ओपन के बाद कोई मैच नहीं खेला था। इसके बाद उन्होंने उस खेल से दूर जाने की घोषणा की थी जिस पर उन्होंने लंबे समय तक दबदबा बनाए रखा था। इस दौरान उन्होंने 23 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब और वीनस के साथ 14 युगल खिताब जीते थे।

अमेरिका की राजधानी में हार्ड-कोर्ट टूर्नामेंट शुरू होने से एक दिन पहले वीनस ने कहा, "मुझे नहीं पता कि वह क्या करने जा रही है। मैं उससे इस बारे में नहीं पूछती। मुझे लगता है कि वह हमेशा गेंद को हिट करती रहती है क्योंकि हम ऐसे ही हैं।"

उन्होंने बताया कि हाल ही में उनके एक अभ्यास सत्र के दौरान सेरेना वहां आईं और लगभग 15 या 20 मिनट तक उनके साथ रहीं। वीनस ने कहा, "वह छह महीने की छुट्टी ले सकती है और फिर आसानी से वापसी कर सकती है। आप उस जैसी प्रतिभा को सिखा नहीं सकते।"

पिछले महीने 45 साल की हुईं वीनस ने सात ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीते हैं जिनमें दो अमेरिकी ओपन और पांच विंबलडन खिताब शामिल हैं। उनका आखिरी टूर्नामेंट मार्च 2024 में मियामी ओपन में था, जहां वह पहले ही दौर में बाहर हो गई थीं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article