स्पोर्ट्स

US Open 2025: चौथे राउंड में होगा धमाकेदार मैच, कोको गॉफ और नाओमी ओसाका के बीच टक्कर

US Open 2025: कोको गॉफ और नाओमी ओसाका ने शनिवार को जीत के साथ अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के चौथे दौर में प्रवेश किया जहां उनका आमना सामना होगा।इन दोनों पूर्व चैंपियन के बीच इससे पहले अमेरिकी ओपन में 2019 में मुकाबला हुआ था।

Image

नाओबी ओसाका कोको ग्रॉफ (फोटो- AP)

US Open 2025: अमेरिकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2025 में महिला एकल वर्ग में शनिवार का दिन बेहद रोमांचक रहा। पूर्व चैंपियन कोको गॉफ और नाओमी ओसाका ने शानदार जीत दर्ज कर चौथे दौर में जगह बनाई है। अब इन दोनों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला होगा, जिसका बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।

2019 की यादें ताजा होगी

गॉफ और ओसाका का इससे पहले अमेरिकी ओपन में आमना-सामना 2019 में हुआ था। उस समय ओसाका मौजूदा चैंपियन थीं और उन्होंने 15 वर्षीय गॉफ को सीधे सेटों में हराया था। उस हार के बाद गॉफ अपने आंसू नहीं रोक पाई थीं और ओसाका ने उन्हें कोर्ट पर ही सांत्वना दी थी। यह दृश्य अमेरिकी ओपन इतिहास के सबसे भावुक पलों में गिना जाता है।

ओसाका की वापसी

जापान की स्टार खिलाड़ी नाओमी ओसाका ने लंबे समय बाद किसी ग्रैंड स्लैम के चौथे दौर में जगह बनाई है। 2021 ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद यह पहला मौका है जब ओसाका इतनी दूर तक पहुंची हैं। उन्होंने शनिवार को लुइस आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में डारिया कसाटकिना को 6-0, 4-6, 6-3 से मात दी। मैच के बाद ओसाका ने गॉफ को अपनी ‘छोटी बहन’ बताते हुए कहा कि "मैं उसे एक छोटी बहन की तरह मानती हूं। यहां उसके साथ दोबारा खेलना अच्छा है।"

गॉफ की लगातार चौथी सफलता

अमेरिकी खिलाड़ी कोको गॉफ ने मैग्डेलेना फ्रेच को 6-3, 6-1 से हराकर लगातार चौथे साल अमेरिकी ओपन के अंतिम 16 में प्रवेश किया। मैच के बाद गॉफ ने कहा कि "नाओमी और मैं बहुत ज्यादा करीब नहीं हैं, लेकिन हम दोस्ताना जरूर हैं। मैं कोर्ट के अंदर और बाहर उनके हर काम का समर्थन करती हूं। इस बार उम्मीद है कि मैं नतीजे को अपने पक्ष में कर पाऊंगी।"

दिग्गज वीनस विलियम्स की वापसी

महिला युगल वर्ग में 45 वर्षीय वीनस विलियम्स ने भी शानदार खेल दिखाया। उन्होंने लेयला फर्नांडीज के साथ जोड़ी बनाकर उलरिके ईकेरी और एरी होजुमी को 7-6(1), 6-1 से हराया। वीनस 2022 के बाद पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में युगल मैच खेल रही हैं और उनका प्रदर्शन बेहद दमदार रहा।

पुरुष एकल में रोमांच

पुरुष वर्ग में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर ने डेनिस शापोवालोव को 5-7, 6-4, 6-3, 6-3 से हराकर चौथे दौर में प्रवेश किया। मैच के पहले सेट में पिछड़ने के बाद सिनर ने शानदार वापसी की।वहीं, कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे ने तीसरी वरीयता प्राप्त एलेक्ज़ेंडर ज़्वेरेव को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इटली के लोरेंजो मुसेट्टी भी अगले दौर में पहुंच गए हैं, क्योंकि उनके हमवतन फ़्लावियो कोबोली चोटिल होकर मैच से हट गए।

महिला वर्ग में इगा स्वियातेक और करोलिना मुचोवा का दबदबा

महिला एकल वर्ग में पोलैंड की इगा स्वियातेक ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले सेट में 5-1 से पिछड़ने के बाद उन्होंने जोरदार वापसी की और जीत दर्ज कर अंतिम 16 में जगह बनाई। वहीं, चेक गणराज्य की करोलिना मुचोवा ने भी चौथे दौर में जगह पक्की कर ली है।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article