अमेरिका की दिग्गज सेरेना विलियम्स ने प्रोफेशनल टेनिस में वापसी का ऐलान कर दिया। लगभग चार वर्ष तक टेनिस कोर्ट से दूर रहने के बाद 44 साल की उम्र में वो आगामी क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट से पेशेवर टेनिस में वापसी करेंगी। तेईस बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन सेरेना इस ग्रास कोर्ट टूर्नामेंट में डबल्स के जरिए प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी करेंगी। डब्ल्यूटीए ने सोमवार को घोषणा की कि सेरेना ने टूर्नामेंट में खेलने के लिए वाइल्ड कार्ड एंट्री के लिए हामी भर दी। क्वीन्स क्लब टूर्नामेंट अगले सोमवार से शुरू होगा। हालांकि, सेरेना के जोड़ीदार कौन होंगे, इसकी घोषणा होनी अभी बाकी है। जल्द ही सेरेना के जोड़ीदार का नाम भी सामने आ जाएगा।
सेरेना ने पिछली बार 2022 यूएस ओपन में प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला था। उस समय उनके संन्यास की भी खूब चर्चा हुई थी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने उस वक्त टेनिस को अलविदा कहने की बात तो की थी, लेकिन ’संन्यास’ शब्द का इस्तेमाल करने से बचते हुए कहा था कि वह टेनिस से आगे बढ़ रही हैं। सेरेना 23 ग्रैंड स्लैम एकल खिताबों के अलावा 14 ग्रैंड स्लैम युगल खिताब भी जीत चुकी हैं। उन्होंने फरवरी में प्रतिस्पर्धी टेनिस में वापसी के लिए पात्रता हासिल की थी। इसके लिए उन्होंने छह महीने पहले अनिवार्य डोपिंग रोधी कार्यक्रम में दोबारा पंजीकरण कराया था, जो वापसी की दिशा में पहला कदम माना जाता है।
विंबलडन में भी वापसी की उम्मीद
ग्रास कोर्ट पर वापसी के बाद यह अटकलें भी तेज हो गई हैं कि सेरेना विंबलडन में भी खेल सकती हैं, जिसकी शुरुआत 28 जून से होगी। वह विंबलडन में सात बार एकल खिताब जीत चुकी हैं। सेरेना ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी के साथ हार्ड कोर्ट पर अभ्यास करते हुए एक वीडियो साझा किया था। उनकी दूसरी बेटी का जन्म 2023 में हुआ था। दिलचस्प बात यह है कि पिछले वर्ष जब उनके डोपिंग परीक्षण पूल में शामिल होने की खबर सामने आई थी, तब उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था, "मैं वापसी नहीं कर रही हूं, यह अफवाह काफी बढ़ गई है।"
