स्पोर्ट्स

Thailand Open 2026: थाईलैंड ओपन के फाइनल में सात्विक-चिराग, मलेशियाई जोड़ी को हराया

सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेंस युगल फाइनल में प्रवेश कर लिया। भारतीय जोड़ी ने 2019 और 2024 में खिताब जीता था और तीसरी बार फाइनल में पहुंची है। अब उनका सामना इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन या चीन के हि जि तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा।

Image

चिराग और साई की जोड़ी फाइनल में। फोटो- सोशल मीडिया

बैंकॉक, (भाषा)। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने तीन गेम के रोमांचक मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को हराकर थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेंस युगल फाइनल में प्रवेश कर लिया। दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विक और चिराग ने नौवीं रैंकिंग वाली मलेशियाई जोड़ी को 82 मिनट में 19 . 21, 22 . 20, 21 . 16 से हराया।

भारतीय जोड़ी ने 2019 और 2024 में खिताब जीता था और तीसरी बार फाइनल में पहुंची है। अब उनका सामना इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन या चीन के हि जि तिंग और रेन शियांग यू की जोड़ी से होगा। डेनमार्क में थॉमस कप में कांस्य पदक जीतने के बाद भी बैडमिंटन को भारत में तरजीह और प्रशंसा नहीं मिलने को लेकर अपने बयान से सात्विक और चिराग हाल ही में चर्चा में रहे थे।

मलेशियाई जोड़ी को दी मात

उन्होंने हालांकि, बाहरी शोर से किनारा करते हुए शानदार प्रदर्शन करते फाइनल में प्रवेश किया। मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 7. 2 का था, लेकिन गोह और इजुद्दीन ने पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उन्हें हराया था। मलेशियाई जोड़ी ने अच्छी शुरूआत करके 3.1 की बढ़त बना ली, लेकिन सात्विक और चिराग ने स्कोर 5.5 से बराबर कर लिया।

वापसी नहीं कर पाई मलेशियाई जोड़ी

पहले गेम में मलेशियाई जोड़ी ने ब्रेक तक 11.8 की बढ़त बना ली। चिराग की गलती से शटल नेट में चली गई और अंतर बढ़ गया। पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21 . 19 से जीता। इसके बाद दूसरे गेम में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 3.3 से 6.6 हो गया। भारतीय जोड़ी ने 9.6 की बढ़त बना ली, लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढ़त 10.9 की रह गई।

हावी रही भारतीय जोड़ी

ब्रेक के बाद फिर स्कोर 13.13 हो गया। चिराग ने भारत को 16.14 से बढ़त दिलाई, लेकिन फिर रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16.16 हो गया। भारतीय जोड़ी ने फिर 19.16 की बढ़त बनाई और एक समय स्कोर 20.20 था, जब भारतीय जोड़ी ने इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर यह गेम जीता। निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी हावी रही और मलेशियाई जोड़ी वापसी नहीं कर पाई।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article