स्पोर्ट्स

तजिंदरपाल सिंह तूर को पछाड़कर समरदीप गिल ने कटाया CWG का टिकट

पंजाब के जाने-माने शॉटपुटर तजिंदर सिंह तूर आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। उन्हें मध्यप्रदेश के समरदीप सिंह गिल ने पछाड़कर CWG का टिकट कटा लिया। उन्होंने 20.46 मीटर का थ्रो फेंककर CWG का टिकट कटा लिया।

Image

तजिंदरपाल सिंह तूर (साभार-X)

किसी ने नहीं सोचा होगा कि तजिंदरसिंह तूर आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाएंगे, लेकिन सोमवार को रांची में चल रहे फेडरेशन कप के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ जिसमें यकीन करना आसान नहीं है। दरअसल मध्य प्रदेश के समरदीप सिंह गिल ने सोमवार को राष्ट्रीय सीनियर फेडरेशन कप प्रतियोगिता के अंतिम दिन पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में पंजाब के अनुभवी खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को पछाड़कर ना केवल गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया बल्कि आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए टिकट भी कटा लिया।

दो बार के एशियाई खेलों के चैंपियन तूर ने 20.07 मीटर के पहले थ्रो के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, लेकिन 25 वर्षीय गिल कुछ और सोचकर ही आए थे। हालांकि, उन्हें वक्त लगा, लेकिन अपने चौथे प्रयास में गिल ने 20.46 मीटर का थ्रो फेंककर CWG का टिकट कटा लिया। गिल का यह थ्रो अंतिम तक कायम रहा। आपको बता दें कि शॉट पुट का नेशनल रिकॉर्ड तूर के नाम है। उन्होंने यह रिकॉर्ड 21.77 मीटर दूर गोला फेंककर बनाया था। लेकिन यहां वो उसको दोहरा नहीं पाए। तूर का अंतिम प्रयास 20.06 मीटर पर समाप्त हुआ।

गिल ने भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (AFI) द्वारा निर्धारित ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के 20.36 मीटर के क्वालीफाइंग मार्क को भी पार कर लिया। कर्नाटक के यशस पी और एनसीओई त्रिवेंद्रम के संतोष कुमार टी ने पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में राष्ट्रमंडल खेलों के क्वालीफाइंग मार्क को पार कर लिया। यशस ने 49.00 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि संतोष कुमार 49.06 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

पुरुष भाला फेंक में स्वर्ण पदक महाराष्ट्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिवम लोहाकरे को मिला। उनका स्वर्ण पदक जीतने वाला थ्रो 81.71 मीटर रहा। पुरुष भाला फेंक में राष्ट्रमंडल खेलों का क्वालीफाइंग मार्क 82.61 मीटर था। यही कारण है कि वह क्वालीफाई करने चूक गए।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article