स्पोर्ट्स

Hong Kong Open: पीवी सिंधू हारकर हुईं बाहर, अगले दौर में पहुंचे प्रणय और लक्ष्य

Hong Kong Open Badminton Tournament: पीवी सिंधू बुधवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं जबकि एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन ने कड़े मुकाबले में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। पिछले महीने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली सिंधू राउंड-ऑफ-32 मुकाबले में डेनमार्क की निचली रैंकिंग वाली खिलाड़ी गैरवरीय लाइन क्रिस्टोफरसन से एक घंटे से भी कम समय में 21-15, 16-21, 19-21 से हार गईं।

Image

पीवी सिंधू

Photo : AP

भारत की दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू बुधवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट से बाहर हो गईं जबकि एचएस प्रणय और लक्ष्य सेन ने कड़े मुकाबले में जीत हासिल कर अगले दौर में प्रवेश किया। पिछले महीने बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने वाली सिंधू राउंड-ऑफ-32 मुकाबले में डेनमार्क की निचली रैंकिंग वाली खिलाड़ी गैरवरीय लाइन क्रिस्टोफरसन से एक घंटे से भी कम समय में 21-15, 16-21, 19-21 से हार गईं।

विश्व में 34वें स्थान पर काबिज प्रणय ने चीन के लू गुआंग जू को 44 मिनट में 21-17, 21-14 से हराया, जबकि सेन ने भी 22-20, 16-21, 21-15 से जीत हासिल कर पुरुष एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। किरण जॉर्ज ने भी सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह को 34 मिनट में 21-16, 21-11 से हराकर पुरुष एकल के अंतिम-16 में प्रवेश किया।

यह सिंधू की 25 वर्षीय क्रिस्टोफरसन के खिलाफ छह मैचों में पहली हार है। उन्हें यह हार ऐसे समय में मिली है जब वह फॉर्म में वापसी का संकेत दे रही थी। यह स्टार भारतीय खिलाड़ी इस साल के शुरू में स्विस ओपन और जापान ओपन में शुरुआती दौर में ही बाहर हो गई थी। सिंधू ने पहले गेम में 3-1 की शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन डेनमार्क की खिलाड़ी ने 5-5 से बराबरी कर ली। सिंधू ने इसके बाद अपने खेल का स्तर बढ़ाया और लगातार अंक बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।

दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी 13-12 से आगे थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार पांच अंक गंवा दिए। तीसरे और निर्णायक गेम में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे के सामने कड़ी चुनौती पेश की। इस गेम में दोनों खिलाड़ी एक समय 19-19 की बराबरी पर थे, लेकिन क्रिस्टोफरसन ने लगातार दो अंक बनाकर सिंधू का सफर यहीं पर समाप्त कर दिया।

रुतपर्णा पांडा और श्वेतपर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी को राउंड-32 के मैच में हांगकांग की ओई की वेनेसा पांग और सुम याउ वोंग से मात्र 28 मिनट में 17-21, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। चेन चेंग कुआन और ह्सू यिन-हुई की चीनी ताइपे की जोड़ी ने ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो को 31 मिनट में 16-21, 11-21 से हराया।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article