स्पोर्ट्स

Olympics 2024, IND vs AUS: भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 52 साल बाद ओलंपिक में रौंदा, चारों खाने चित्त हुए कंगारू

भारतीय हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को ओलंपिक खेलों के इतिहास में 52 साल लंबे अंतराल के बाद पटखनी देने में सफल रही है। ओलंपिक खेलों में एस्ट्रो टर्फ में हॉकी की शुरुआत के बाद यह भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली जीत है।

Image

भारतीय पुरुष हॉकी टीम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दी 3-2 से मात
  • 52 साल बाद भारत से ओलंपिक में मिली ऑस्टेलिया को हार
  • भारत के लिए दो-दो गोल हरमनप्रीत और अभिषेक ने किए

पेरिस: भारतीय पुरुष हॉकी टीम का पेरिस ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जारी रहा। बेल्जियम के खिलाफ मिली 1-2 के अंतर से मिली हार से उबरते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दो गोल की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से मात दी। यह भारतीय टीम की ओलंपिक खेलों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1972 के बाद पहली जीत है। हरमनप्रीत सिंह ने मैच के 13वें और 32वें मिनट में गोल किए। वहीं अभिषेक ने 12वें मिनट में गोल किया। भारतीय टीम इस जीत के साथ ग्रुप बी में दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। भारत के खाते में 5 मैच में 3 जीत एक हार और एक ड्रॉ के साथ 10 अंक हो गए हैं।

पहले क्वार्टर में ही भारत ने दागे दो गोल

भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मुकाबले में शानदार शुरुआत की और पहले क्वार्टर में ही दो गोल दागकर अपने इरादे जाहिर कर दिए। भारतीय टीम को 12वें मिनट में अभिषेक के फील्ड गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना ली। इसके एक मिनट बाद हाथ आए पेनल्टीकॉर्नर को गोल में तब्दील करके बढ़त को एक मिनट के अंतराल में दोगुना कर दिया। पहले क्वार्टर का अंत भारत की 2-1 की बढ़त के साथ हुआ।

ऑस्ट्रेलिया ने किया जवाबी हमला

दूसरे क्वार्टर में ऑस्ट्रेलिया ने वापसी की पुरजोर कोशिश की। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारतीय डिफेंस को भेदने की कोशिश की लेकिन उनकी ये कोशिश मैच के 25वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए सफल हुई। थॉमस क्रैग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके भारत की बढ़त को कम कर दिया। ऐसे में दूसरे क्वार्टर का अंत भारत की 2-1 की बढ़त के साथ हुआ।

32वें मिनट में हरमनप्रीत ने दिलाई बढ़त

तीसरे क्वार्टर के तीसरे मिनट में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी को गोल में तब्दील करके अपनी टीम को 3-1 से आगे कर दिया। इस गोल के बाद ऑस्ट्रेलियाई खेमे में खलबली से मची लेकिन वो भारत की दो गोल की बढ़त को कम करने में नाकाम रहा। तीसरे क्वार्टर का अंत भारत की 3-1 से बढ़त के साथ हुआ।

ऑस्ट्रेलिया ने अंतिम वक्त में कम किया अंतर

चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखा और अभिषेक ने चौथा गोल कर ही दिया था लेकिन ऑस्टेलिया के रिव्यू के बाद फैसला पलट गया। 54वें मिनट में ऑस्टेलिया को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। जिसे ब्लैक गोवर्स ने गोल में तब्दील करके स्कोर लाइन को 3-2 कर दिया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article