स्पोर्ट्स

नीदरलैंड दौरे पर पीएम मोदी ने किया डच कोचों के भारतीय हॉकी में योगदान का जिक्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड दौरे पर अपने भाषण में भारतीय हॉकी में डच कोचों के योगदान का जिक्र किया और महिला हॉकी टीम के मौजूदा कोच शोर्ड मारिन की खास तौर पर तारीफ की है।

Image

पीएम मोदी (फोटो क्रेडिट ANI)

द हेग: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड दौरे पर अपने भाषण में भारतीय हॉकी में डच कोचों के योगदान का जिक्र किया और महिला हॉकी टीम के मौजूदा कोच शोर्ड मारिन की खास तौर पर तारीफ की। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम में कहा,'नीदरलैंड और भारत के बीच दोस्ती की एक और कड़ी है जिसकी उतनी चर्चा नहीं होती और वह है खेल। हम दोनों देश खेलों के क्षेत्र में बहुत कुछ मिलकर कर रहे हैं।'

पीएम मोदी ने कहा,'जैसे क्रिकेट में भारतीयों का योगदान है ,वैसे ही भारत की हॉकी में नीदरलैंड का भी बड़ा योगदान है । भारतीय हॉकी को और निखारने में डच कोचों की भी मेहनत रही है। हमारी महिला हॉकी टीम बीते कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रही है और इसमें कोच शोर्ड मारिन की अहम भूमिका है।'

मारिन टोक्यो ओलंपिक 2020 में ऐतिहासिक चौथे स्थान पर रही भारतीय महिला हॉकी टीम के कोच थे। उन्हें जनवरी 2026 में हरेंद्र सिंह के इस्तीफे के बाद दोबारा भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया और इस समय उनके मार्गदर्शन में टीम विश्व कप और एशियाई खेलों की तैयारी में जुटी है। उनसे पहले नीदरलैंड के रोलेंट ओल्टमेंस भी भारतीय पुरुष हॉकी टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय से इस वर्ष नीदरलैंड की सह मेजबानी में होने वाले हॉकी विश्व कप में भारतीय टीम की हौसलाअफजाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा,'इस वर्ष हॉकी विश्व कप का मेजबान नीदरलैंड भी है। आप सभी को भारत के मैच देखने जरूर जाना है। ये बात पक्की है कि विश्व कप जो भी टीम जीते, लेकिन इसमें भारत और नीदरलैंड की दोस्ती जरूर जीतेगी।'

पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप नीदरलैंड और बेल्जियम में 15 से 30 अगस्त के बीच होना है। उन्होंने नीदरलैंड क्रिकेट में भारतीय मूल के खिलाड़ियों के योगदान की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,'नीदरलैंड की क्रिकेट में भारतीय समुदाय का बहुत बड़ा योगदान है। भारत में टी20 विश्व कप में नीदरलैंड की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। भारत विश्व कप चैम्पियन है लेकिन भारत की टीम को भी नीदरलैंड की टीम ने बहुत अच्छी टक्कर दी थी।'

उन्होंने डच टीम में शामिल भारतीय मूल के खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा,'जब हम तेजा निदामानारू या विक्रमजीत सिंह को नीदरलैंड की जर्सी में देखते हैं या फिर जब आर्यन दत्त जैसे युवा खिलाड़ी डच क्रिकेट के भविष्य में योगदान देते हैं तो हमें बहुत अच्छा लगता है।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article