स्पोर्ट्स

Junior Hockey World Cup 2025: बेल्जियम को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत, अब जर्मनी से होगी फाइनल में एंट्री के लिए भिड़ंत

भारत ने बेल्जियम को पटखनी देकर जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है, अब खिताबी मुकाबले में एंट्री के लिए टीम इंडिया की जर्मनी से होगी भिड़ंत। जानिए कैसा रहा क्वार्टर फाइनल मुकाबले का रोमांच?

Image

भारतीय जूनियर हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

चेन्नई: निर्धारित समय में आखिरी मिनट में गोल गंवाने के बाद भारतीय टीम ने बेल्जियम को शुक्रवार को शूटआउट में गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह के शानदार प्रदर्शन के दम पर 4-3 से हराकर जूनियर हॉकी विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत का सामना अब सात दिसंबर को सेमीफाइनल में जर्मनी से होगा जबकि स्पेन की भिड़ंत अर्जेंटीना से होगी।

निर्धारित समय के बाद 2-2 से बराबर रहा मुकाबला

निर्धारित समय तक स्कोर 2-2 से बराबर था। भारतीय टीम को आखिरी सीटी बजने से एक मिनट पहले कोताही बरतने का खामियाजा भुगतना पड़ा और रोजे नाथन के गोल की मदद से बेल्जियम ने मैच को शूटआउट तक खींच दिया। शूटआउट में भारत के लिये शारदानंद तिवारी ने तीन (पेनल्टी स्ट्रोक पर) और अंकित पाल ने एक गोल किया जबकि बेल्जहयम के लिये हुजो लाबुशेरे, जी हाआक्स और चार्ल्स एल ने गोल दागे।

आखिरी मिनट में पेनल्टी कॉर्नर से बेल्जियम ने किया गोल

इससे पहले मैच में 45वें मिनट तक बेल्जियम ने अपनी सटीक पासिंग और गेंद पर नियंत्रण से भारत को दबाव में रखा लेकिन तीसरे क्वार्टर में कप्तान रोहित ने आखिरी मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर जैसे ही बराबरी का गोल दागा और मैच की तस्वीर बदल गई। खचाखच भरे मेयर राधाकृष्णन स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में मानो उत्साह का संचार हो गया। इससे दो मिनट पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर पर रोहित का प्रयास नाकाम रहने से मिली निराशा भी दूर हुई। बेल्जियम को आखिरी मिनट में लगातार तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन भारतीय डिफेंस ने इस बार कोई चूक नहीं की।

शारदानंद तिवारी ने दिलाई भारत को चौथे क्वार्टर में बढ़त

चौथे क्वार्टर की शुरूआत बेल्जियम ने काफी आक्रामक की और पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया लेकिन बढत नहीं बना सकी। भारत को जवाबी हमले में 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और शारदानंद तिवारी ने जैसे ही भारत को बढ़त दिलाई ,पूरा स्टेडियम ’इंडिया इंडिया’ के शोर से गूंज उठा। यह इत्तेफाक ही है कि शारदानंद के निर्णायक गोल की मदद से ही भारतीय जूनियर टीम भुवनेश्वर में चार साल पहले हुए टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में इसी प्रतिद्वंद्वी को एक गोल से हराकर अंतिम चार में पहुंची थी।

मैच के 12वें मिनट में बेल्जियम ने किया पहला गोल

इससे पहले शुरूआती क्वार्टर में भारत को छठे ही मिनट में गोल करने का सुनहरा मौका मिला लेकिन मनमीत के शॉट को बेल्जियम के गोलकीपर ने बचा लिया। मेजबान टीम को चार मिनट बाद पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन शारदानंद तिवारी का प्रयास नाकाम रहा। दूसरी ओर बेल्जियम टीम ने जवाबी हमला करने में देर नहीं की और इसका फायदा मिला जब तेरहवें मिनट में कोर्नेज ने शानदार फील्ड गोल करके टूर्नामेंट में अब तक कोई चुनौती नहीं झेलने वाले भारतीय डिफेंस की कलई खोल दी।

पहले क्वार्टर के बाद बेल्जियम के पास थी 1-0 की बढ़त

दाहिने फ्लैंक से गेंद लेकर कोर्नेज ने सर्कल के भीतर पास दिया। गेंद भीतर से फिर बायीं तरफ बाहर को आई और भारत के सारे डिफेंडर दूसरी तरफ थे जिसका फायदा उठाकर कार्नेज ने तेजी से भागते हुए गेंद गोल के भीतर डाल दी । गोलकीपर प्रिंस दीप सिंह पूरी तरह चकमा खाकर बायीं ओर डाइव लगाकर गोल बचाने में नाकाम रहे। पहले क्वार्टर में बेल्जियम के पास एक गोल की बढ़त थी। भारत को 24वें मिनट में बराबरी का मौका मिला लेकिन सौरभ आनंद कुशवाहा बायीं ओर से मिले पास को पकड़ नहीं सके। भारत को अगले ही मिनट मिले पेनल्टी कॉर्नर पर वैरिएशन से भी कामयाबी नहीं मिल सकी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article