स्पोर्ट्स

IPBL 2025: लखनऊ ने खेला लीग का पहला ड्रॉ, चेन्नई और गुड़गांव का दिखा दम

IPBL 2025: इंडियन पिकलबॉल का दूसरा दिन भी रोमांच से भरा रहा। जहां एक तरफ लखनऊ ने इस लीग का पहला ड्रॉ खेला तो वहीं चेन्नई और गुड़गांव ने आखिरी कुछ लम्हों में बाजी अपने नाम की। फैंस ने दूसरे दिन कई करीबी मुकाबले का लुत्फ उठाया।

Image

आईपीबीएल 2025: दूसरे दिन के खेल का स्टार (बाएं से दाएं) दिव्यांशु कटारिया, एलीसन हैरिस और फु ह्यून

IPBL 2025: इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में इंडियन पिकलबॉल लीग 2025 का दूसरा दिन भी बेहद रोमांचक रहा। दूसरे दिन करीबी मुकाबले के साथ-साथ टूर्नामेंट का पहला ड्रॉ टाई भी देखने को मिला। चेन्नई सुपर वॉरियर्स ने दिन का सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया, लखनऊ ने मैच बचाने का अद्भुत जज्बा दिखाया तो गुड़गांव ने अनुशासित प्रदर्शन करते हुए करीबी मुकाबले में जीत हासिल की।

दूसरे दिन का पहला टाई चेन्नई के नाम रहा

चेन्नई ने दूसरे दिन की शुरुआत हैदराबाद रॉयल्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के साथ की। चेन्नई ने पहले चार मैच जीतकर ग्रैंड रैली से पहले ही मुकाबला अपनी झोली में कर लिया। मुकाबले की शुरुआत एक रोमांचक टक्कर से हुई, जहां मिचेल हरग्रीव्स ने दिव्यांशु कटारिया से 11-14 से पिछड़ने के बावजूद मुकाबला 15-14 से अपने नाम किया। दबाव में हरग्रीव्स के अपनी संयमित खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ चेन्नई का टोन सेट कर दिया। दूसरे मुकाबले में उन्होंने मेंस डबल्स में हर्ष मेहता के साथ मिलकर बेन न्यूवेल और कटारिया की जोड़ी को 15-13 से हराया।

विमेंस सिंगल्स में रूज वैन रीक ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। शुरुआती आक्रामकता ने उन्हें 9-2 की बढ़त दिला दी, और उन्होंने मेगन फज को 15-7 से हराकर चेन्नई की बढ़त को 3-0 कर दिया। इसके बाद वैन रीक ने आलिया इब्राहिम के साथ मिलकर फज और स्नेहल पाटिल की जोड़ी को 15-11 से हराकर स्कोर 4-0 कर दिया। हैदराबाद ने ग्रैंड रैली 21-16 से जीतकर वापसी की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दिव्यांशु कटारिया को मेंस कैटेगेरी में जबकि रूज वैन रीक को विमेंस कैटेगेरी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

लखनऊ और मुंबई के बीच लीग का पहला टाई हुआ ड्रॉ

दूसरे दिन का सबसे नाटकीय मुकाबला लखनऊ और मुंबई के बीच देखने को मिला। पहली बार इंडियन पिकलबॉल लीग के इतिहास में कोई टाई ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस टाई में लखनऊ लैपर्ड्स ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए मुंबई स्मैशर्स को 3-3 की बराबरी पर रोका। हालांकि, मुंबई स्मैशर्स एक वक्त 3-2 से आगे थी, लेकिन लखनऊ ने ग्रैंड रैली में शानदार वापसी करते हुए अंक बराबर कर लिए।

लखनऊ ने दमदार शुरुआत की, क्वांग डुओंग ने मेंस सिंगल्स में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और आदित्य रुहेला को 15-8 से हरा दिया। मेंस डबल्स में, राइलर डीहार्ट और हिमांश मेहता ने लखनऊ के लिए अच्छा प्रदर्शन किया और डुओंग और अमोल रामचंदानी को एक कड़े मुकाबले में 15-13 से हराकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद मुंबई ने भी दमदार वापसी की और एलिसन हैरिस ने दिन की सबसे करीबी जीत दर्ज की, उन्होंने विमेंस सिंगल्स में एक शेल्बी बेट्स को 15-14 से हराया। इसके बाद हैरिस ने पर्ल अमलसादिवाला के साथ मिलकर बेट्स और नाओमी अमलसादिवाला को 15-11 से हराकर मैच का रुख पलट दिया और मुंबई को 3-2 से आगे कर दिया।

मुंबई ने टाई को अपने नियंत्रण में कर लिया था, लेकिन लखनऊ ने शुरुआत में 6-13 से पिछड़ने के बाज वापसी की और 21-15 से मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। लखनऊ की जीत की बदौलत इंडियन पिकलबॉल लीग के इतिहास में पहली बार फैंस को ड्रॉ देखने को मिला। क्वांग डुओंग को मेंस कैटेगेरी में जबकि एलिसन हैरिस को विमेंस कैटेगेरी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

कैपिटल वॉरियर्स ने जीत के साथ किया दिन का अंत

दूसरे दिन का आखिरी टाई रोमांचक रहा जहां कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव ने बेंगलुरु ब्लास्टर्स को 3-2 से हराकर ग्रैंड रैली में रोमांचक जीत हासिल की। बेंगलुरु ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन गुड़गांव ने अनुशासन और संयम के साथ जवाब देते हुए दूसरे हाफ में बढ़त बना ली।

बेंगलुरु ने मेंस सिंगल्स में शानदार शुरुआत की। फु ह्यून ने जैक मुनरो के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआत में ही 7-0 की बढ़त बना ली। मुनरो फिर वापसी नहीं कर पाए और ह्यून ने मुकाबला 15-3 से अपने नाम कर लिया। ह्यून यहीं नहीं रुके, मेंस डबल्स में उन्होंने अर्जुन सिंह के साथ मिलकर मुनरो और स्तव्या भसीन की जोड़ी को 15-11 से हराकर ब्लास्टर्स को 2-0 की बढ़त दिला दी।

गुड़गांव के पास वापसी के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं था। टीम ने किया भी वैसा ही जब एमिलिया श्मिट ने विमेंस सिंगल्स में पेई चुआन काओ को 15-10 से हराया। इसके बाद श्मिट ने विमेंस डबल्स में नैमी मेहता के साथ जोड़ी बनाई और काओ और रक्षिखा रवि की जोड़ी को 15-12 से हराकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया।

हार-जीत अब ग्रैंड रैली पर निर्भर था। ग्रैंड रैली में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपना सबकुछ झोंक दिया। लेकिन आखिरकार बाजी गुड़गांव ने 21-20 से अपने नाम किया और टाई को 4-2 से जीत लिया। फु ह्यून को मेंस कैटेगेरी में जबकि एमिलिया श्मिट को विमेंस कैटेगेरी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया।

इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL) के बारे में

टाइम्स ग्रुप द्वारा लॉन्च की गई इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL), पिकलबॉल के लिए भारत की आधिकारिक और एकमात्र राष्ट्रीय लीग है। इसे इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) द्वारा स्वीकृत किया गया है, जिसे भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह लीग 1 से 7 दिसंबर, 2025 तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाली है। इसका पहला सीजन दिल्ली को भारत की अगली बड़ी खेल क्रांति के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। यह लीग लाइव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शीर्ष भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों और लाखों प्रशंसकों को एक साथ लाएगा। पिकलबॉल से जुड़े हर अपडेट और एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स काटेंट, के लिए आप www.pickleballnow.in पर जा सकते हैं।

भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन के बारे में

भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन (Indian Pickleball Association) भारत में पिकलबॉल के आधिकारिक संचालन संस्था है, जो पूरे देश में इस खेल को बढ़ावा देने, विकसित करने और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए समर्पित है। आईपीए नेशनल्स जैसे आयोजनों के माध्यम से एसोसिएशन सभी उम्र और कौशल स्तर के खिलाड़ियों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करता है। आईपीए एशियाई पिकलबॉल एसोसिएशन (एपीए) और ग्लोबल पिकलबॉल फेडरेशन (जीपीएफ) से संबद्ध है।

पिकलबॉल विश्व रैंकिंग के बारे में

पीडब्ल्यूआर एक राष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है, जो सभी आयु वर्ग, कौशल वर्ग और प्रारूपों ( एकल, युगल और मिश्रित श्रेणियों सहित) को कवर करती है। यह भारत के लिए आधिकारिक राष्ट्रीय खेल महासंघ रैंकिंग के रूप में कार्य करता है। देशभर में हर सप्ताह कई स्वीकृत आयोजनों के साथ, पीडब्ल्यूआर हर स्तर पर शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों को परिभाषित करता है और स्कूल, जिला, राज्य, और राष्ट्रीय स्तर पर टीम चयन का आधार तैयार करता है।

पिकलबॉल की सभी लेटेस्ट न्यूज़, एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स कंटेंट के लिए हमें Instagram पर @pickleballnow पर फॉलो करें और कम्युनिटी का हिस्सा बनें!

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article