इंडियन पिकलबॉल लीग 2025 दिग्गज खिलाड़ियों, शानदार चयन और उभरते सितारों के साथ पूरी हुई रोमांचक नीलामी
IPBL 2025 Players Auction: इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL 2025) के पहले सीजन के लिए हुई नीलामी में सभी छह फ्रेंचाइजी ने शानदार रणनीति के साथ खिलाड़ियों का चयन करके अपनी टीमों का गठन किया। इंडियन पिकलबॉल लीग के पहले सीजन का आयोजन 1 से 7 दिसंबर के बीच नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में होने जा रहा है जिसमें हैदराबाद रॉयल्स,बेंगलुरु ब्लास्टर्स,मुंबई स्मैशर्स, चेन्नई सुपर वॉरियर्स,लखनऊ लेपर्ड्स और कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव टीमें शिरकत करेंगी।
हैदराबाद रॉयल्स टीम ने निज़ामों के शहर से प्रेरणा लेकर एक शाही और हरफनमौला टीम का गठन किया। जिसमें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर बेन न्यूवेल और मेगन फज जैसे खिलाड़ियों का साथ उभरते हुए भारतीय खिलाड़ी दिव्यांशु कटारिया, स्नेहल पाटिल, तेजस गुलाटी और पूर्व टेनिस खिलाड़ी श्रेया चक्रवर्ती को मिला।
बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने अपनी टीम में संतुलन और वैश्विक अनुभव को वरीयता देते हुए फुक हुइन्ह और पेई चुआन काओ जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया। फ्रेंचाइजी ने अर्जुन सिंह, रक्षिका रवि, आदित्य सिंह और श्रद्धा दमानी जैसे खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़कर भारतीय कोर को मजबूत किया। इस टीम में सभी फॉर्मेट में गहराई नजर आ रही है।
मुंबई स्मैशर्स ने नीलामी की सबसे जबरदस्त टीम में से एक का गठन किया। मुंबई के दल में क्वांग डुओंग और एलिसन हैरिस जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने में सफल रही। इसके अलावा अमोल रामचंदानी, पर्ल अमलसदीवाला, ऋषि रेड्डी और भारत के पूर्व नंबर वन खिलाड़ी सिंदूर मित्तल को अपनी टीम में शामिल करने में सफल रहे।
दक्षिण भारत की पावरहाउस चेन्नई सुपर वॉरियर्स ने प्रतिभाशाली और युवा खिलाड़ियों को मिलाकर अपनी टीम का गठन किया। चेन्नई ने अपनी टीम में मिचेल हरग्रीव्स, रूस वैन रीक, हर्ष मेहता, आलिया इब्राहिम, प्रियंका मेहता और अमन पटेल जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया और एक बहुमुखी टीम बनाने में सफल रही।
लखनऊ लेपर्ड्स ने टीम के गठन में दिलेरी दिखाते हुए रायलर डेहार्ट और शेल्बी बेट्स को अपने दल में शामिल किया। इसके अलावा टीम आदित्य रुहेला, मिहिका यादव, रोनव मोतियानी और नाओमी अमलसदीवाला का साथ हासिल करने में सफल रही। इन खिलाड़ियों के साथ लखनऊ एक सशक्त टीम बनने में सफल रही।
आखिर में कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव ने जैक मुनरो, एमिलिया श्मिट, स्टाव्या भसीन, नैमी मेहता, अरिक बादामी और डेनियल जोन्स जैसे खिलाड़ियों के साथ एक मजबूत टीम का गठन करने में सफल रही।
हर फ्रेंचाइज़ी ने अपनी अलग पहचान गढ़ी है। आईपीबीएल 2025 अपने आगाज से पहले ही एक ब्लॉकबस्टर के रूप में आकार लेकर देश की राजधानी में रोमांचक डेब्यू सीजन के लिए मंच तैयार कर रहा है।
हैदराबाद रॉयल्स (Hyderabad Royals Squad)
कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव (Capital Warriors Gurgaon Squad)
आईपीएल के बराबर पहुंच सकता है IPBL
हैदराबाद रॉयल्स के अध्यक्ष अदित्य रामाकृष्णन उद्घाटन सत्र से पहले सितारों से सजी टीम बनाने के बाद बेहद उत्साहित नजर आए। खिताब पर नज़रें टिकाए रामकृष्णन मानते हैं कि आईपीबीएल इतिहास रचने की दहलीज पर है और अगले तीन से पांच वर्षों में यह आईपीएल के बराबर पहुंच सकता है। उनका आत्मविश्वास इस बात से है कि इस खेल के लिए एक एक बड़ा फैनबेस पहले से मौजूद है, जिससे पिकलबॉल किसी के भी पसंदीदा खेलों में शुमार हो सकता है। उन्होंने यह भी माना कि भारत में क्रिकेट का समृद्ध इतिहास है और उसे प्रतिस्थापित करने के बारे में सोचना अतिशयोक्ति होगा, लेकिन इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए पिकलबॉल की भारत में अपार संभावनाएं हैं।
पिकलबॉल में नहीं है लैंगिक भेदभाव, नए बाजार के निर्माण की है संभावना
बेंगलुरु ब्लास्टर्स के सीईओ वसंत कल्याण नीलामी के बाद बनी टीम से संतुष्ट और बेहद नजर आए। उन्होंने कहा कि उनकी टीम इस खेल को समझने वाली लीग की सबसे समझदार टीमों में से है। नीलामी के दौरान उन्होंने बताया कि बेंगलुरू में हर महीने 40 से ज्यादा पिकलबॉल कोर्ट बन रहे हैं, और यह इकलौता आउटडोर खेल है जिसे परिवार के सभी सदस्य खेल सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इसमें कोई लैंगिक भेदभाव नहीं है, जिसके कारण पिकलबॉल के लिए भारत में एक नए बाजार के निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।
क्रिकेट के बाद पिकलबॉल बन सकता है दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल
चेन्नई सुपर वॉरियर्स की ओर से बोलते हुए अतुल एडवर्ड ने भरोसा जताया कि पिकलबॉल अगले दो से तीन सालों में क्रिकेट के बाद भारत में दूसरा सबसे लोकप्रिय खेल बन जाएगा। उन्होंने आगे कहा, इस खेल के विकास के लिए कोई सीमा नहीं है, कुछ छोटे व्यवधानों को छोड़ दें तो नीलामी योजना के मुताबिक हुई और वे नतीजों से 70 प्रतिशत संतुष्ट हैं।
IPBL पैदा करेगा पिकलबॉल के प्रति आकर्षण
लखनऊ लेपर्ड्स के धीरज सिंह का मानना है कि इंडियन पिकलबॉल लीग (आईपीबीएल) इस खेल के प्रति और अधिक आकर्षण पैदा करेगी,जिससे यह भारत में खेलों का भविष्य बन जाएगा, क्योंकि अन्य खेल कुछ आयु वर्ग के लिए थकाने वाले साबित हो सकते हैं। अपनी टीम के बारे में उन्होंने कहा कि लखनऊ लेपर्ड्स शानदार टीम है और टीम प्रबंधन नीलामी के नतीजों से बेहद खुश है।
क्रिकेट को भी एक दिन छोड़ सकता है पीछे
एम3एम इंडिया के प्रेसिडेंट रॉबिन मंगला, जिनकी कंपनी कैपिटल वॉरियर्स गुड़गांव की मालिक है, ने एडवर्ड और रामकृष्णन के बयान पर सहमति जताते हुए कहा कि पिकलबॉल एक दिन शायद लोकप्रियता में क्रिकेट को भी पीछे छोड़ दे। रॉबिन का मानना है कि समावेशी प्रकृति इस खेल को हर आयु वर्ग के लिए आनंददायक बनाती है।
खिताबी जीत के लिए बेताब हैं सभी टीम
मुंबई स्मैशर्स के रोहन गज्जर ने आयोजन स्थल पर बात करते हुए कहा कि उन्हें वही टीम मिली जिसकी उन्हें तलाश थी और वे नीलामी के नतीजों से खुश हैं। उन्होंने आगे कहा कि हर टीम आईपीबीएल के उद्घाटन सीजन का खिताब जीतने को बेताब है और पिकलबॉल देश में बहुत आगे बढ़ सकता है।
इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL) के बारे में
टाइम्स ग्रुप द्वारा लॉन्च की गई इंडियन पिकलबॉल लीग (IPBL), पिकलबॉल के लिए भारत की आधिकारिक और एकमात्र राष्ट्रीय लीग है। इसे इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन (IPA) द्वारा स्वीकृत किया गया है, जिसे भारत सरकार के खेल एवं युवा मामलों के मंत्रालय द्वारा मान्यता प्राप्त है। यह लीग 1 से 7 दिसंबर, 2025 तक इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शुरू होने वाली है। इसका पहला सीजन दिल्ली को भारत की अगली बड़ी खेल क्रांति के केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। यह लीग लाइव और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से शीर्ष भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों और लाखों प्रशंसकों को एक साथ लाएगा। पिकलबॉल से जुड़े हर अपडेट और एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स काटेंट, के लिए आप www.pickleballnow.in पर जा सकते हैं।
भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन के बारे में:
भारतीय पिकलबॉल एसोसिएशन(Indian Pickleball Association)भारत में पिकलबॉल के आधिकारिक संचालन संस्था है जो पूरे देश में इस खेल को बढ़ावा देने, विकसित करने और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए समर्पित है। आईपीए नेशनल्स जैसे आयोजनों के माध्यम से एसोसिएशन सभी उम्र और कौशल स्तर के खिलाड़ियों को खेल अपनाने के लिए प्रेरित करता है। आईपीए एशियाई पिकलबॉल एसोसिएशन (एपीए) और ग्लोबल पिकलबॉल फेडरेशन (जीपीएफ) से संबद्ध है।पिकलबॉल विश्व रैंकिंग के बारे में:
पीडब्ल्यूआर एक राष्ट्रीय रैंकिंग प्रणाली है जो सभी आयु वर्ग, कौशल वर्ग और प्रारूपों( एकल, युगल और मिश्रित श्रेणियों सहित) को कवर करती है। यह भारत के लिए आधिकारिक राष्ट्रीय खेल महासंघ रैंकिंग के रूप में कार्य करता है। देश भर में हर सप्ताह कई स्वीकृत आयोजनों के साथ,पीडब्ल्यूआर हर स्तर पर शीर्ष भारतीय खिलाड़ियों को परिभाषित करता है और स्कूल, जिला, राज्य, और राष्ट्रीय स्तर पर टीम चयन का आधार तैयार करता है।
पिकलबॉल की सभी लेटेस्ट न्यूज़, एक्सक्लूसिव बिहाइंड-द-सीन्स कंटेंट के लिए हमें Instagram पर @pickleballnow पर फॉलो करें और कम्युनिटी का हिस्सा बनें!
स्पोर्ट्स की ताजा ख़बरें (Sports News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें (क्रिकेट न्यूज़) की छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आईपीएल (IPL) अपडेट और अंक तालिका (Ank Talika) ऑरेंज कैप (Orange Cap) पर्पल कैप (Purple Cap) की ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |