बेंगलुरु के कांतिरवा स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने कुवैत को पेनेल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर सैफ चैंपियनशिप 2023 का खिताब जीत लिया है। यह 9वां मौका है जब भारत ने इस खिताब पर कब्जा किया है। जीत का फैसला पेनेल्टी शूटाआउट सडन डेथ में हुआ जिसके हीरो रहे गोलकीपर गुरप्रीत संधु जिन्होंने कुवैत के कप्तान खालिद हजिया का गोल सेव कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी। भारत की तरफ से पेनेल्टी शूटआउट में सुनील छेत्री, संदेश झिंगन, चांग्ते, गुरप्रीत सिंह शुभाशिष बोस ने गोल किए। भारत के उदांता सिंह और कुवैत के मोहम्मद अब्दुल्ला ने अपने-अपने मौके गंवाए और मैच सडन डेथ में पहुंच गया।
एक्स्ट्रा टाइम में भी बराबरी पर मैच
इससे पहले 90 मिनट तक खेले गए मैच में दोनों टीम 1-1 की बराबरी पर थी। मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा, जहां कई मौके तो बने, लेकिन दोनों टीम उसे गोल में बदलने में नाकामयाब रही और एक्स्ट्रा टाइम में भी 1-1 की बराबरी पर ही रहा। कुवैत की तरफ से एकमात्र गोल 14वें मिनट में शबेव अल खल्दी ने और भारत की तरफ से 39वें मिनट में लालिंन जुवाला चांग्ते ने किया।
9वीं बार भारत ने जीता सैफ चैंपियनशिप
भारत 9वीं बार सैफ चैंपियनशिप का चैंपियन बना। इससे पहले भारत ने 1993, 1997, 1999, 2005, 2009, 2011, 2015 और 2021 में यह खिताब जीता था।
सैफ चैंपियनशिप 2023 में भारत का सफर
भारत सैफ चैंपियनशिप 2023 में अजेय रहा। उसने पाकिस्तान को 4-0 से, नेपाल को 2-0 से हराया। कुवैत के साथ लीग मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ था। हालांकि, सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने लेबनान को पेनेल्टी शूटआउट में 4-2 से हराया। सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में भारत की जीत के असली हीरो रहे गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू जिन्होंने शानदार बचाव कर भारत की जीत सुनिश्चित कर दी।
