स्पोर्ट्स

Junior Hockey World Cup: जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत की धमाकेदार शुरुआत, चिली को 7-0 से रौंदा

भारत ने जूनियर हॉकी विश्व कप में भारत ने चिली के खिलाफ धमाकेदार शुरुआत की है। भारत ने अपने पहले मुकाबले में 7-0 के अंतर से मात दी।

Image

भारत बनाम चिली, जूनियर हॉकी विश्व कप (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

चेन्नई: रोशन खुजुर और दिलराज सिंह के दो-दो गोल की मदद से भारत ने शुक्रवार को चेन्नई में चिली को 7-0 से हराकर एफआईएच पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं होने के बाद रोशन (16वें और 21वें मिनट) ने दो मैदानी गोल करके भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। दिलराज (25वें और 34वें मिनट) ने भी इसके बाद दो गोल करके भारत को 4-0 से आगे कर दिया। भारत के लिए अजीत यादव (35वें मिनट), अनमोल एक्का (48वें मिनट) और कप्तान रोहित (60वें मिनट) ने भी गोल किए। अंडर-21 वर्ग में दूसरे नंबर पर काबिज भारतीय टीम शनिवार को यहां अपने दूसरे पूल बी मैच में ओमान से भिड़ेगी।

न्यूजीलैंड ने दी चीन को मात

यहां दिन के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने पूल सी में चीन को 5-3 से हराया। न्यूजीलैंड के लिए जोंटी एल्म्स ने हैट्रिक बनाते हुए तीन गोल दागे जबकि ओवेन ब्राउन (18वें मिनट) और सैम लिंट्स (23वें मिनट) ने एक-एक गोल किया। चीन के लिए यूबो वांग (35वें और 55वें मिनट) ने दो जबकि जियालियांग झांग (51वें) ने एक गोल किया। पूल सी के एक अन्य मैच में दो बार के चैंपियन अर्जेंटीना ने जापान को 4-1 से हराया। निकोलस रोड्रिगेज (दूसरे और 56वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर पर दो गोल किए जबकि अर्जेंटीना के लिए माटेओ टोरिगियानी (24वें मिनट) और ब्रूनो कोरिया (51वें मिनट) ने भी एक-एक गोल किया। जापान की ओर से एकमात्र गोल नारू किमुरा ने 53वें मिनट में किया।

स्विटजरलैंड ने ओमान को हराया

स्विट्जरलैंड ने पूल बी में ओमान को 4-0 से हराया। स्विट्जरलैंड के लिए जोनाथन बॉमबैक (15वें मिनट), मटिया रिबाउडो (23वें मिनट), लियोनार्ड क्रैक्सनर (33वें मिनट) और एलेसियो ब्रूनोल्ड (58वें मिनट) ने गोल किए।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article