स्पोर्ट्स

लंबे समय तक हॉकी इंडिया की CEO रही एलेना नॉर्मन ने दिया त्यागपत्र, कई महीने से बकाया था वेतन

  • Agency by: Agency
  • Updated Feb 27, 2024, 02:38 PM IST

Hockey India CEO Elena Norman Resigns: हॉकी इंडिया की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रही एलेना नॉर्मन ने पिछले कुछ महीनों से बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। वो लंबे समय तक इस पद पर थीं।

Image

एलेना नॉर्मन ने इस्तीफा दिया (X)

लंबे समय तक हॉकी इंडिया की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रही एलेना नॉर्मन ने पिछले कुछ महीनों से बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। राष्ट्रीय महासंघ के सूत्रों ने पीटीआई को यह जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया की रहने वाली नॉर्मन लगभग 13 वर्ष से यह पद संभाल रही थी और उन्हें पिछले तीन महीने से भुगतान नहीं किया गया है।

नॉर्मन का त्यागपत्र भारतीय महिला हॉकी टीम की मुख्य कोच यानेक शोपमैन के उस बयान के कुछ दिनों बाद आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राष्ट्रीय महासंघ उन्हें महत्व नहीं देता और उनका सम्मान नहीं करता। नॉर्मन का त्यागपत्र राष्ट्रीय महासंघ के लिए एक और झटका है जिसने अपने आधिकारिक बयान में उनके पद छोड़ने का सटीक कारण नहीं बताया है।

हालांकि सूत्रों ने कहा कि नॉर्मन ‘पिछले 3 महीने से बकाया राशि का भुगतान नहीं होने से परेशान थी और वह काम के माहौल से भी नाखुश थी।’ हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और पूर्व भारतीय कप्तान दिलीप टिर्की ने नॉर्मन का त्यागपत्र स्वीकार करते हुए उनका आभार भी व्यक्त किया।

टिर्की ने बयान में कहा,‘‘न सिर्फ हॉकी इंडिया के अध्यक्ष बल्कि पूर्व खिलाड़ी और हॉकी प्रेमी होने के कारण मैं पिछले 12-13 वर्षों में उल्लेखनीय योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करता हूं। उनके समर्पण और प्रयासों ने हॉकी इंडिया और भारतीय हॉकी को वर्तमान समय की मजबूत स्थिति में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैं भविष्य के लिए उन्हें शुभकामना देता हूं।’’

नॉर्मन के शीर्ष पद पर रहते हुए भारत की पुरुष और महिला टीमों ने अपनी सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की थी। यही नहीं पुरुष टीम ने तोक्यो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीतकर 41 साल से चले आ रहे पदक के इंतजार को खत्म किया था। इन खेलों में महिला टीम भी चौथे स्थान पर रही थी। नॉर्मन ने अपने कार्यकाल का अधिकतर समय अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष नरिंदर बत्रा के हॉकी इंडिया का प्रमुख रहते हुए बिताया।

End of Article