स्पोर्ट्स

Diamond League Final 2025: डायमंड लीग में खिताबी जीत से चूके नीरज चोपड़ा , जूलियन वेबर ने मारी बाजी, दूसरे स्थान से करना पड़ा संतोष

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा स्विटजरलैंड के ज्यूरिख में आयोजित डायमंड लीग के फाइनल में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्था का खिताब जीतने में नाकाम रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.51 मीटर दूर भाला भेंककर खिताब अपने नाम किया।

Image

नीरज चोपड़ा(फोटो क्रेडिट Narendra Modi X)

ज्यूरिख: भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा स्विटजरलैंड के ज्यूरिख में आयोजित डायमंड लीग के फाइनल में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्था का खिताब जीतने में नाकाम रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने 91.51 मीटर दूर भाला भेंककर खिताब अपने नाम किया। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में ये दूरी हासिक की। नीरज चोपड़ा 85.01 मीटर दूर भाला फेंक सके जो उनके आखिरी प्रयास में आया। नीरज एक बार फिर 90 मीटर से दायरे को पार नहीं कर सके। साल 2022 में डायमंड लीग का खिताब जीतने वाले नीरज एक बार फिर खिताब अपने नाम नहीं कर सके और लगातार तीसरी बार उन्हें दूसरे स्थान पर उपवितेजा के रूप में संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान पर त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वालकॉट रहे उन्होंने 84.95 मीटर दूर भाला फेंका। नीरज चोपड़ा का सीजन का बेस्ट थ्रो 90.23 मीटर रहा। ये थ्रो उन्होंने दोहा डायमंड लीग में फेंका था।

वेबर ने 91.37 मीटर के साथ की शुरुआत

91.37 जर्मनी के जूलियन वेबर ने पहले ही प्रयास में फेका। वहीं नीरज चोपड़ा ने 84.35 मीटर के थ्रो के साथ शुरुआत की। पहले प्रयास के बाद नीरज सात प्रतिभागियों में जूलियन वेबर त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशॉर्न वालकॉट के बाद दूसरे पायदान पर आ गए। जिन्होंने अपने पहले प्रयास में 84.95 मीटर दूर भाला फेंका। वेबर ने अपने फॉर्म को दूसरे राउंड में भी बरकरार रखा और 91.51 मीटर की दूरी हासिल की और अपने प्रदर्शन में 16 सेमी का सुधार कर लिया और पहले पायदान पर काबिज रहे। नीरज दूसरे प्रयास में केवल 82 मीटर की दूसरी हासिल कर सके और तीसरे पायदान पर दूसरे राउंड के बाद भी काबिज रहे। नीरज का तीसरा, चौथा और पांचवां थ्रो फाउल रहा वो शुरुआत से पांचवें राउंड के अंत तक तीसरे स्थान पर चल रहे थे लेकिन अपने अंतिम थ्रो में नीरज ने 85.01 मीटर दूर भाला फेंका और दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया।

नीरज ने अपने प्रदर्शन पर व्यक्त किया संतोष

टोक्यो में आयोजित होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले नीरज चोपड़ा ने अपने प्रदर्शन पर संतोष जताते हुए कहा, ये प्रदर्शन बहुत खराब नहीं था। हम वर्ल्ड चैंपियनशिप के बेहद करीब पहुंच गए हैं, इसलिए मुझे थोड़ी और दूरी हासिल करनी होगी। कुछ चीजें अच्छी हुई हैं लेकिन कुछ अभी भी कुछ चीजों खराब रहीं जिनपर काम करने की जरूरत है। आखिरी प्रयास में मैं 85 मीटर तक भाला फेंकने में सफल रहा। लेकिन मैं जूलियन के लिए बेहद खुश हूं। मेरे पास अभी भी तीन सप्ताह का वक्त है और मुझे थोड़ी और तैयारी करनी होगी। इस खेल में हम कुछ नहीं जानते हैं सबकुछ दिन पर निर्भर करता है। टोक्यो में सबकुछ अलग होगा। जूलियन मेरे अच्छे दोस्त हैं और वो अच्छा करते हुए तो मुझे हमेशा खुशी होती है। बड़ी चैंपियनशिप में हम एक दूसरे को प्रोत्साहित करते हैं। गोल्ड मेडल हासिल करना ज्यादा दूर भाला फेंकने से ज्यादा अहम है। ऐसे में मैं मेडल जीतने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहान author

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों स... और देखें

End of Article