क्रिकेट

WPL के उद्धाटन मैच में ऐतिहासिक जीत के बाद बोलीं हरमनप्रीत, सपने के सच होने जैसा है ये पल

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Mar 5, 2023, 12:10 AM IST

विमेंस प्रीमियर लीग के उद्धाटन मुकाबले में धमाकेदार पारी खेलकर मुंबई इंडियन्स को जीत दिलाने के बाद हरमनप्रीत कौर ने इस पल को सपने के पूरा होने जैसा बताया है। जानिए जीत के बाद और क्या बोलीं हरमनप्रीत?

Image

मुंबई इंडियन्स विमेन(साभार Mumbai Indians)

Photo : Twitter

मुंबई: कप्तान हरमनप्रीत कौर की 30 गेंद में 65 रन की आतिशी कप्तानी पारी की बदौलत मुंबई इंडियन्स ने विमेंस प्रीमियर लीग के उद्धाटन मुकाबले में गुजरात जायंट्स को 143 रन के बड़े अंतर से पटखनी देकर धमाकेदार शुरुआत की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाजों ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 207 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जिसके जवाब में गुजरात की टीम 15.1 ओवर में 9 विकेट पर 64 रन बना सकी। चोटिल कप्तान बेथ मूनी बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरीं।

खेली 30 गेंद में 65 रन की आतिशी पारी

30 गेंद में 14 चौकों की मदद से खेली 65 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। ऐसे में पहले मुकाबले में ऐतिहासिक और बड़ी जीत पर हरमनप्रीत ने खुशी जताई। टूर्नामेंट के आगाज को शानदार बताते हुए हरमनप्रीत ने कहा, यह बेहतरीन शुरुआत थी। यह सपने के सच होने जैसा है। पहला दिन था और आप ऐसा ही कुछ होने की आशा कर रहे थे। हम जो कर रहे थे वो हमारे पक्ष में जा रहा था।

खिलाड़ियों को नेचुरल गेम खेलने के दिए थे निर्देश

इस मैच से पहले ड्रेसिंग रूप में कैसा उत्साह था और क्या चर्चा हुई? इसके जवाब में हरमनप्रीत ने कहा, हमने चीजों को सामान्य रखने की बात कही थी। हमने सभी खिलाड़ियों से कहा था कि मैदान पर जाकर आप अपना नेचुरल गेम खेलिएगा। निश्चित तौर पर यह महिला क्रिकेट के लिहाज से एक बड़ा दिन था। बावजूद इसके इस बारे में ज्यादा नहीं सोचने और खेल पर ध्यान देने के निर्देश खिलाड़ियों को दिए थे।

मौके की नजाकत के आधार पर की बल्लेबाजी

पहले मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी का राज साझा करते हुए हरमनप्रीत ने कहा, मैंने बल्लेबाजी के दौरान सोचा कि गेंद को अच्छी तरह देखकर अपना खेल खेलूं। मैं ज्यादा कुछ बल्लेबाजी के दौरान नहीं सोच रही थी। जो कुछ मेरे सामने हो रहा था उसी के अनुसार मैं बैटिंग कर रही थी। मैं यही कर रही थी और चीजें मेरे पक्ष में जा रही थीं।

सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी की बनाई योजना

गेंदबाजी के दौरान इंटेन्सिटी और कप्तानी के तरीके को लेकर मुंबई की कप्तान ने कहा,जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे तब हमें पता लग गया था कि ये विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। जब भी वो सटीक जगह पर गेंद डाल रहे थे उसपर शॉट खेल पाना आसान नहीं था। हमने इस बारे में ही ब्रेक के दौरान चर्चा की कि हमें सही जगह पर सही लाइन लेंथ के साथ गेंदबाजी करनी है। ऐसे में उनके लिए रन बनाना आसान नहीं होने वाला है। मुझे खुशी है कि जो भी गेंदबाज बॉलिंग के लिए आया उन्होंने योजना के मुताबिक गेंदबाजी की।

जारी रखेंगे जीत की ये लय

पहले मुकाबले में धमाकेदार जीत के बाद आगे के मैचों को लेकर कप्तान कौर ने कहा, हमने जैसी शुरुआत की है उसे आगे भी जारी रखना चाहेंगे। निश्चित तौर पर यह हमारे लिए बड़ा दिन है और हमारे लिए बड़ी जीत है। लेकिन अब आगे आने वाले मैच भी अहम हैं और ऐसे में आगे भी इसी लय को जारी रखंगे।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article