क्रिकेट

World Cup 2023: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक हार के बाद पाकिस्तान पर लगा मोटा जुर्माना

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Oct 28, 2023, 09:09 PM IST

Pakistan Fined for Slow Over Rate : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1 विकेट के अंतर से करीबी हार का सामना करने के बाद पाकिस्तानी टीम पर स्लो ओवर रेट के लिए मोटा जुर्माना भी लगा है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP

चेन्नई: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुक्रवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 1 विकेट के अंतर से बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम को हार का सामना करना पड़ा था। इस हार के साथ ही पाकिस्तान की विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावनाएं तकरीबन खत्म हो गईं। पाकिस्तान को लगातार चौथे मैच में हार का सामना करना पड़ा। बाबर आजम की टीम ने विश्व कप की शुरुआत लगातार दो मैच में जीत के साथ की थी लेकिन इसके बाद जीत की पटरी से बाबर की टीम उतर गई। उसके अब तीन मैच बाकी हैं। उन तीन मैचों में जीत भी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए नाकाफी होगी।

20 प्रतिशत मैच फीस का लगा है जुर्माना

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तानी टीम पर दोहरी मार पड़ी है। आईसीसी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तानी टीम के ऊपर स्लो ओवर रेट के लिए मैच फीस के 20 प्रतिशत का जुर्माना लगाया है। पाकिस्तानी टीम तय समय सीमा में चार ओवर कम फेंक सके। आईसीसी की आचार संहिता के मुताबिक पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों पर प्रतिओवर पांच प्रतिशत का जुर्माना लगाया गया है जो कि 4 ओवर के लिए एकमुश्त 20 प्रतिशत हो गया।

फील्ड अंपायरों एलेक्स वार्फ और पॉल रायफल, थर्ड अंपायर रिचर्ड इलिंगवर्थ और फोर्थ अंपायर रिचर्ड केटलबोरो की शिकायत पर पाकिस्तानी टीम पर जुर्माना लगा था। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने मैच रेफरी के सामने सुनवाई के दौरान आरोपों को स्वीकार कर लिया है।

बांग्लादेश से होगी पाकिस्तान की अगली भिड़ंत

पाकिस्तानी टीम की अगली भिड़ंत कोलकाता के इडेन गार्डन्स में बांग्लादेश के खिलाफ होगी। पाकिस्तान के लिए बाकी के मुकाबलों में जीत हासिल करना साख का सवाल हो गया है। बाबर आजम की कप्तानी पर भी तलवार लटक चुकी है। विश्व कप के बाद उन्हें पद से बर्खास्त करने की भी चर्चा चल रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ हार पाकिस्तानी टीम को भारी पड़ गई। इसके अलावा भारत, ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पाकिस्तानी टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article